फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

33 मेडिकल स्टूडेंट्स समेत 62 कोरोना संक्रमित, डेंगू का पहला केस मिला

विज्ञापन
हिसार। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.सुभाष कर्मचारियों की बैठक लेते। - फोटो : Hisar
विज्ञापन
हिसार। जिले में सीजन 2022 में डेंगू का पहला केस सामने आया है। 12 क्वार्टर एरिया में 25 वर्षीय युवक डेंगू ग्रस्त मिला है, जिसे नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया है। जिले में पहला केस मिलने के बाद जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुभाष खतरेजा ने एमपीएचडब्ल्यू कर्मियों संग बैठक की और उन्हें सभी एरिया में सैंपल लेने के निर्देश दिए। वहीं सरकारी अस्पतालों, पीएचसी-सीएचसी में 102 बेड डेंगू के रोगियों के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिनमें छह बेड नागरिक अस्पताल हिसार में रिजर्व किए हैं। वहीं, लारवा खत्म करने के लिए जिला मलेरिया विभाग के पास सिर्फ 15 लीटर टेमीफॉस दवा है, ऐसे में लारवा को कैसे नष्ट किया जा सकेगा। अगर, लारवा को दो तीन दिन में नष्ट नहीं किया गया तो डेंगू का डंक भारी पड़ सकता है।
विज्ञापन

घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहीं 27 टीमें
डॉ. खतरेजा ने बताया कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया पर अंकुश लगाने और घर-घर जाकर लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए 27 टीमों का गठन किया है। ये टीम शहर के अलग-अलग एरिया में जाकर घरों के अंदर और बाहर लारवा की जांच करेगी। जहां से लारवा मिल रहे हैं उन्हें नोटिस दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस सीजन का पहला केस सामने आया है। युवक का उपचार किया जा रहा है। जहां पर लारवा मिल रहा है वहां दवा का छिड़काव किया जा रहा है।
सेवक सभा के सामने बने पार्क और महाबीर स्टेडियम में भरे पानी में मिला लारवा
बायोलॉजिस्ट रमेश पूनिया ने बताया कि बुधवार को टीम के साथ शहर के महाबीर स्टेडियम, सेवक सभा के सामने पार्क का निरीक्षण किया। स्टेडियम के खेल मैदान में जमा पानी और अस्पताल के सामने पार्क में काफी तादात में लारवा मिला है। उसे नष्ट करने के लिए दवा का छिड़काव किया गया है। इसके अलावा शहर के अन्य एरिया में भी जलभराव है। वहां पर भी टीमें निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर सेवक सभा के सामने पार्क में जमा पानी को निकालने के लिए पंप सेट की व्यवस्था की है। वहीं स्टेडियम में जमा पानी को निकालने के लिए भी निगम के अधिकारियों को बोला है।
विज्ञापन

ब्लड बैंक में धूल फांक रही प्लेटलेट्स बनाने वाली मशीन
नगारिक अस्पताल के ब्लड बैंक में पिछले साल एफेरेसिस मशीन पहुंच गई थी। इस मशीन के जरिये मरीजों को सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (एसडीपी) की सुविधा मिलनी थी, लेकिन अभी तक यह मशीन शुरू नहीं हो पाई। अगर, यह मशीन शुरू हो जाती है तो मरीजों को अस्पताल में प्लेटलेट्स मिलनी शुरू हो जाएगी। बता दें कि डेंगू बुखार में मरीज की प्लेटलेट्स कम जाती हैं और उसे प्लेटलेट्स चढ़ाई जाती है। पिछले साल डेंगू के केस एक हजार से अधिक आए थे। ऐसे में मरीजों को महंगे रेट पर बाहर प्लेटलेट्स खरीदनी पड़ रही थी।
डेंगू के लक्षण
तेज बुखार, मांस पेशियों व जोड़ों में दर्द, सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द,, जी मिचलाना, उल्टी व दस्त, त्वचा पर लाल रंगे के दाने होना।
बचाव एवं उपचार
घर व आसपास पानी एकत्र न होने दें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
यदि घर में बर्तनों में पानी भर कर रखना है तो ढक कर रखें।
कूलर, गमले आदि का पानी रोज बदलते रहें। यदि पानी की जरूरत न हो तो कूलर को खाली कर सुखाएं।
ऐसे कपड़े पहनें जो शरीर के अधिकतम हिस्से को ढक सकें।
मच्छर रोधी क्रीम, स्प्रे, लिक्विड, इलेक्ट्रॉनिक बेट का प्रयोग करें।
जिले में डेंगू का डंक
वर्ष मरीज
2015 1140
2016 496
2017 538
2018 282
2019 168
2020 117
2021 1099
2022 01
::::::::::::::::::::::::
कोरोना : अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के 33 विद्यार्थियों समेत 62 नए संक्रमित
संवाद न्यूज एजेंसी
हिसार। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार मेडिकल कॉलेज अग्रोहा के 33 विद्यार्थियों, चिकित्सक समेत 62 नए मरीज मिलने की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सैंपलिंग बढ़ा दी है वहीं नागरिक अस्पताल में अलग से कोरोना वार्ड बना दिया है। अस्पताल में आने वाले बुखार पीड़ितों के सैंपल लिए जा रहे हैं, जो कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, उनके संपर्क में आने वाले लोगों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं।
डिप्टी सीएमओ डॉ. सुभाष खतरेजा ने का कहना है कि एक बार फिर से कोरोना खतरनाक होता जा रहा है। इसलिए घर से निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें और भीड़ भाड़ वाले एरिया में जाने से बचें। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर उसे सात दिन के लिए होम आइसोलेट किया जा रहा है। हर रोज मरीजों से बातचीत की जा रही हैं। जिले में फिलहाल 128 सक्रिय केस हैं। रिकवरी रेट 97.92 प्रतिशत रहा। उन्होंने बताया कि जिले में 9 लाख 57 हजार 147 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें संक्रमण के कुल 62973 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल 61665 मरीज कोरोना से रिकवर हो चुके हैं। कोविड-19 की पहली लहर में 327, दूसरी लहर में 814 और तीसरी लहर में 39 संक्रमित मरीजों की मृत्यु हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें