अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। रिटायर्ड हेडमास्टर को गोली मारकर रुपये लूटने के दो दोषियों को कोर्ट ने 10-10 साल कैद की सजा सुनाई है। दोषी अर्जुन व सुनील एक मार्च 2016 को रिटायर्ड हेडमास्टर ईश्वर सिंह को गोली मारकर उनसे 90 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे।
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकुमार जैन की कोर्ट ने केस में न्यू सुंदर नगर के अर्जुन उर्फ टिंकू व महाबीर कॉलोनी निवासी सुनील को दोषी करार देते हुए सजा के अतिरिक्त 55-55 हजार का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर दोषियों को एक साल की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। दोषियों के खिलाफ लूट व आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
मामले के अनुसार मेला ग्राउंड एरिया के 60 वर्षीय ईश्वर सिंह ने सिटी थाने में शिकायत देकर केस दर्ज करवाया था। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि वह रिटायर्ड हेड मास्टर है। घटना के दिन 1 मार्च 2016 को उन्होंने शाम साढ़े तीन बजे घर खर्च के लिए मिलगेट स्थित बैंक शाखा से दो लाख रुपये निकलवाए थे। यह रुपये बैग में डालकर वो पैदल अपने घर आ रहे थे। इसी दौरान एक लड़का कान पर फोन लगाए हुए उनका लगातार पीछा कर रहा था। जब वह अपने घर के पास पहुंचे तो युवक ने उनके रुपयों से भरा थैला छीनने की कोशिश की। जब काफी देर तक जबरदस्ती के बाद भी आरोपी युवक जब ईश्वर सिंह से थैला नहीं छीन पाया तो उसने अपनी जेब से पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। यह गोली ईश्वर सिंह के बाएं हाथ में लगी जिससे वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद आरोपी युवक पैसे वाला थैला लेकर वहां से भाग गया।
पड़ोसी दुकानदारों ने दिखाई बहादुरी
रुपये लूटने के बाद ईश्वर सिंह ने शोर मचाना शुरू किया तो पास में प्रॉपर्टी डीलर का काम करने वाले भूपेंद्र व जयभगवान अपनी दुुकान से बाहर आए। उन्होंने ईश्वर सिंह को घायल अवस्था में सड़क पर गिरे हुए देखा और एक युवक हाथ में पिस्तौल और दूसरे में थैला लेकर वहां से भागता हुआ उनकी तरफ आ रहा था। इसके बाद भूपेंद्र और जयभगवान ने हमलावर को काबू करने की कोशिश की। इस दौरान हमलावर के हाथ से पिस्तौल और थैले से एक लाख दस हजार रुपये वहीं पर गिर गए। इसी दौरान हमलावर का दूसरा साथी बाइक लेकर वहां पर पहुंच गया और उसे अपने साथ लेकर वहां से फरार हो गया।
सीसीटीवी के आधार पर पकड़े गए आरोपी
सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने बैंक से सीसीटीवी रिकॉर्डिंग निकलवाकर आसपास के एरिया में दिखाई तो उसकी पहचान न्यू सुंदर नगर के अर्जुन के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी करके अर्जुन व उसके साथी सुनील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों द्वारा लूटी गईं रकम में से 75 हजार रुपये भी बरामद कर लिए।