हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा स्थापित राष्ट्रीय संसाधन केंद्र ने एक नई पहल की है। यूजीसी-मानव संसाधन विकास केंद्र द्वारा एक नवंबर 2018 से ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स शुरू किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार तथा कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार पुंडीर ने मानव संसाधन विकास केंद्र की पूरी टीम को बधाई दी है।
केंद्र के निदेशक प्रो. नीरज दिलबागी ने बताया कि ‘पेडाजोजिकल इनोवेंशन्स एंड रिसर्च मेथोडोलॉजी’ विषय पर होने वाले इस रिफ्रेशर कोर्स के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। यह प्रक्रिया 31 अक्तूबर 2018 तक चलेगी। अब तक इस कोर्स के देशभर से 170 शिक्षक प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवा लिया है। प्रो. वंदना पूनिया इस कोर्स की संयोजिका हैं। इस कोर्स में एक-एक घंटे के 40 मोड्यूल होंगे। प्रो. नीरज दिलबागी ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्सों को अन्य रिफ्रेशर कोर्सों के समकक्ष माना है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की नई गाइडलाइन के अनुसार शिक्षकों को पदोन्नति के लिए भी एक ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स करना अनिवार्य होगा। यह ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स एक नवंबर से 28 फरवरी तक होगा।