अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गठबंधन बीजेपी से होने वाला है। यह बात इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कही। वे रविवार को कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उनसे सवाल पूछा गया था कि कयास लगाए जा रहे हैं कांग्रेस का बसपा से गठबंधन होने जा रहा है? इस पर चौटाला ने कहा कि बसपा का गठबंधन तो इनेलो के साथ है, लेकिन भूपेंद्र हुड्डा का गंठबंधन भाजपा से होने वाला है।
एसवाईएल के मुद्दे पर अभय चौटाला ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री चाहते ही नहीं कि हरियाणा के हिस्से का पानी प्रदेश को मिले। प्रधानमंत्री से हम और किसी भी मुद्दे पर बातचीत कर सकते हैं, पर एसवाईएल के मुद्दे पर चर्चा नहीं कर सकते। करनाल जिले के गुरुद्वारा मामले पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सिख समुदाय का अपमान किया है। उस गुरुद्वारा में भिंडरावाले की फोटो थी ही नहीं। मुख्यमंत्री को उस गांव में जाकर व गुरुद्वारा में खड़े होकर सिखों से माफी मांगनी चाहिए।