नापतौल विभाग के अधिकारी ने जांचे आदमपुर के धर्मकांटे
मंडी आदमपुर।
धर्मकांटों पर कम वजन तोलने की शिकायत मिलने के बाद नापतोल विभाग के अधिकारी सतबीर सिंह ने वीरवार दोपहर बाद आदमपुर के कई धर्मकांटों की जांच की। जांच के दौरान सभी धर्मकांटे सही पाए गए।
नापतौल विभाग के इंस्पेक्टर सतबीर सिंह ने बताया कि उपायुक्त को शिकायत मिली थी कि आदमपुर के फूड सप्लाई विभाग कार्यालय में लगे धर्मकांटे व बाहर स्थापित किए गए अन्य धर्मकांटों में तोल के दौरान अंतर आ रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने नापतोल विभाग के इंस्पेक्टर सतबीर सिंह को फूड सप्लाई विभाग के कार्यालय में लगे धर्मकांटे की जांच करने के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर सतबीर सिंह वीरवार दोपहर बाद फूड सप्लाई विभाग के कार्यालय पहुंचे और वहां लगे धर्मकांटे की जांच की। सतबीर सिंह ने बताया वह अपनी गाड़ी का स्टेंडर्ड वेट करके लाए थे और उसका धर्मकांटे पर तोल किया। इसके बाद उन्होंने मिलान किया जिसमें विभाग के कांटे में किसी प्रकार की कमी नहीं पाई गई। वह धर्मकांटा बिलकुल सही पाया गया। इसके अलावा उन्होंने आदमपुर के अन्य धर्मकांटों की जांच भी की वे भी सही पाए गए हैं।