अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हरियाणा स्वर्ण जयंती और खेल महाकुंभ के समापन समारोह में सीएम मनोहर लाल ने कहा कि अगले दो सालों में इतने काम करेंगे कि पिछली सरकार 10-10 साल में नहीं कर पाई। हरियाणा देश का एकमात्र राज्य है, जिसका किसी भी गांव का एक भी पंच या सरपंच और किसी भी पंचायत समिति और जिला समिति का एक भी सदस्य न तो अनपढ़ है और न ही बैंक और बिजली बिलों का डिफॉल्टर है। इसी तरह, शिक्षित युवकों को हर महीने 100 घंटे काम की गारंटी देने वाला भी हरियाणा देश का पहला राज्य बना है।
मिट्टी के तेल वाली लालटेन की रोशनी में पढ़ता था, अब ढूंढे नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे याद है कि 1966 में हमारे गांव बनियानी में बिजली नहीं थी। स्कूल से छुट्टी होने पर घी में तैरती रोटियों से भरे कटोरदान को खेत में काम करते मजदूरों तक ले जाने के लिए मैं कच्चे रास्तों पर भागते-भागते जाता था। इसके बाद शाम को मिट्टी के तेल से जलने वाली लालटेन की रोशनी में पढ़ाई किया करता। आज हरियाणा में मिट्टी का तेल तो ढूंढे से नहीं मिलता
दोनों संकल्प किए पूरे
समारोह में सीएम ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुरुग्राम में स्वर्ण जयंती उत्सव का शुभारंभ किया था। वहां से उन्होंने पूरे राष्ट्र को बताया था कि हरियाणा में इतनी ताकत है कि वो देश के लिए एक ग्रोथ इंजन के रूप में काम कर सकता है। उस दिन, इस वर्ष को सर्व हरियाणा, गर्व हरियाणा और पर्व हरियाणा की भावना से मनाने का संकल्प लेकर, हमने उन्हें वचन दिया था कि हम इसी वर्ष में हरियाणा को देश का पहला केरोसिन फ्री और खुले में शौच मुक्त राज्य बनाने का पूरा प्रयास करेंगे। अब हम अपने इस संकल्प में दोनों प्रकल्पों में सफल रहे हैं।
मोटरसाइकिलों पर हैरतअंगेज प्रस्तुति
इस अवसर पर उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला और हरियाणा कला एवं संस्कृति विभाग के तीन हजार से अधिक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम सबसे प्यारा म्हारा हरियाणा, दुनिया में रहेगा नाम हमारे हरियाणा का, हरियाणा एक-हरियाणवी एक ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हरियाणा पुलिस के कमांड निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में मोटरसाइकिलों पर हैरतअंगेज प्रस्तुति दी गई।
समारोह में ये रहे मौजूद
इस मौके पर शिक्षा मंत्री प्रो रामबिलास शर्मा, कृषि मंत्री ओपी धनखड़, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कंबोज, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन, सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, सांसद सुभाष चंद्रा, विधायक डॉ. कमल गुप्ता, विधायक व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, विधायक सीमा त्रिखा, महीपाल ढांडा, हरियाणा अनुसूचित जाति कल्याण निगम की चेयरपर्सन सुनीता दुग्गल, मुख्य सचिव डीएस ढेसी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. केके खंडेलवाल, हरियाणा से संबंध रखने वाले अभिनेता रणदीप हुड्डा, सोनू निगम, हिसार के उपायुक्त निखिल गजराज, एसपी मनीषा चौधरी, एडीसी एएस मान, भाजपा के प्रदेश सचिव जवाहर सैनी, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, जिला महामंत्री सुजीत कुमार, आशा रानी खेदड़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।