अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक हुई बरसात से शहर के अधिकतर चौक-चौराहों पर जलभराव हुआ। इस कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार को तेज धूल भरी आंधी के कारण रात को गुल हुई बिजली मंगलवार शाम तक चालू हुई।
मंगलवार सुबह तक शहर के अधिकतर हिस्सों में जलभराव दिखा। महाबीर स्टेडियम के सामने, फव्वारा चौक से कांग्रेस भवन, लक्ष्मी बाई चौक से फव्वारा चौक के बीच, इंडस्ट्रियल एरिया, मॉडल टाउन, दिल्ली रोड, अर्बन इस्टेट, संत नगर, महाबीर कॉलोनी, डाबड़ा चौक, सेक्टर-13, सेक्टर 14, हाउसिंग बोर्ड, अनाज मंडी एरिया सहित कई अन्य जगह जलभराव हुआ। जलभराव को लेकर सांसद दुष्यंत ने भी सवाल पूछा तो अधिकारियों ने जवाब दिया कि पहले दो दिन में पानी निकलता था। अब शहर में कहीं पर भी दो घंटे से अधिक जलभराव नहीं होता। दो घंटे में पानी की निकासी करा रहे हैं।
जून में बरसात
तारीख ----------बरसात
7 जून -------------4.4 एमएम
8 जून--------------3.3 एमएम
10 जून--------------1.5एमएम
17 जून-------------2.8एमएम
18 जून-------------24.6एमएम
19-20 जून------------36.7एमएम
तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम
जोरदार बरसात के कारण तापमान में गिरावट रही। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब आठ डिग्री कम रिकॉर्ड हुआ। दिन का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 10 डिग्री कम था। मौसम विभाग के अनुसार 23 जून तक बरसात की संभावना है।
20 घंटे बाद आई बिजली
सिरसा रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सोमवार रात आठ बजे आंधी के समय गुल हुई बिजली मंगलवार शाम साढे़ चार बजे बाद बहाल की जा सकी। पुराने शहर के कई अन्य फीडर पर भी लोगों को रात भर बिजली कटौती सहनी पड़ी।
-कई हिस्सों में 20 घंटे बाद आई बिजली