हिसार। जिले के एक गांव के युवक को युवती ने हनीट्रैप में फंसाकर 5.37 लाख रुपये ठग लिए। वीडियो कॉल करके उसका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। इसके बाद गिरोह के एक सदस्य ने फर्जी सीआईडी अफसर बनकर युवक को डराया धमकाया। पुलिस ने 6 नामजद सहित कुल 15 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में युवक ने बताया कि 2 जुलाई को उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाली युवती ने अपना मिताली शर्मा बताया। युवती ने बातों में उलझाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। कुछ देर बाद उसके मोबाइल नंबर युवती ने अश्लील वीडियो भेजा। कुछ देर बाद एक नए नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को क्राइम ब्रांच दिल्ली से सीआईडी ऑफिसर संजय अरोड़ा बताया। उसने कहा कि उसकी अश्लील वीडियो हमारे पास है। इस बारे में एक युवती ने शिकायत दी है। अगर तूने रुपये नहीं दिए तो केस दर्ज होगा। फर्जी सीआईडी ऑफिसर संजय अरोड़ा ने एक यू ट्यूबर राहुल का नंबर दिया। राहुल ने यू ट्यूब से वीडियो हटवाने के नाम पर उससे पहले 21 हजार 220 रुपये और उसके बाद 45 हजार 460 रुपये लिए। एफआईआर की कापी भिजवाने के लिए 71 हजार रुपये ठग लिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुल मिलाकर आरोपियों ने 5 लाख 37 हजार 680 रुपये ठग लिए। सदर थाना पुलिस ने धारा 420, 406 के तहत मिताली शर्मा, संजय अरोड़ा, यू ट्यूबर राहुल, हिमांशु शेखर, कमल वर्मा, भोला ठाकुर सहित 15 के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।