हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए एडवांस डिप्लोमा इन चाइल्ड गाइडेंस एंड काउंसलिंग (एडीसीजीसी) कोर्स में दाखिले के लिए मंगलवार को प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। परीक्षा विश्वविद्यालय परिसर में शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
विभागाध्यक्ष डॉ. संजय परमार ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 66 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 52 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की गई।
प्रवेश परीक्षा का परिणाम बुधवार को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित किया जाएगा। प्रवेश पूरी तरह से मेरिट के आधार पर किया जाएगा। एडीसीजीसी एक वर्षीय नियमित डिप्लोमा कार्यक्रम है, जिसमें कुल 25 सीटें उपलब्ध हैं।
कोर्स में दाखिले के लिए फिजिकल काउंसलिंग प्रक्रिया निर्धारित की गई है। पहली फिजिकल काउंसलिंग 9 जनवरी को सुबह 10 बजे आयोजित की जाएगी। इसके बाद दूसरी काउंसलिंग 12 जनवरी और तीसरी काउंसलिंग 14 जनवरी को कराई जाएगी। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। ब्यूरो