अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला (हिसार)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की दसवीं कक्षा की परीक्षा के दौरान मंगलवार को जब शिक्षा विभाग की उड़नदस्ता टीम ने गांव बनभौरी के राजकीय उच्च विद्यालय में बने परीक्षा केंद्र में दस्तक दी तो परीक्षा दे रहा एक छात्र उत्तर पुस्तिका लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने केंद्र अधीक्षक राजेंद्र कुमार की शिकायत पर गांव मतलोडा निवासी व बनभौरी के एक निजी स्कूल के छात्र मनीष के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। उकलाना मंडी के राजकीय उच्च विद्यालय में कार्यरत व बनभौरी के सरकारी स्कूल में बने केंद्र के अधीक्षक राजेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि मंगलवार को केंद्र में छात्र मनीष अपने म्यूजिक विषय का एग्जाम देने के लिए आया था। साढे़ 12 बजे परीक्षा शुरू होने के बाद मनीष अपना प्रश्न-पत्र और उत्तर पुस्तिका लेकर अपने रूम से फरार हो गया।
पांच दिन पहले केंद्र को कर दिया था रद्द
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने क्षेत्र के गांव बनभौरी के राजकीय उच्च विद्यालय में बने परीक्षा केंद्र को पांच दिन पहले रद्द कर दिया था व इस परीक्षा केंद्र को बरवाला के हांसी मार्ग पर स्थित बरवाला पब्लिक स्कूल में बने परीक्षा केंद्र में शिफ्ट कर दिया था। बनभौरी के सरकारी स्कूल में बने परीक्षा केंद्र में नकल की कई शिकायतें लगातार आ रही थीं। 16 मार्च को बीपीएस स्कूल में बने परीक्षा केंद्र में स्टूडेंट्स ने सामाजिक विज्ञान का एग्जाम दिया। इस दौरान ग्रामीण भिवानी बोर्ड के कार्यालय पहुंचे व बनभौरी से रद्द हुए परीक्षा केंद्र को बहाल करने की अपील की। इसके बाद शिक्षा विभाग ने बनभौरी में दोबारा से परीक्षा केंद्र की मंजूरी दे दी। मंगलवार को एक बार फिर छात्र द्वारा प्रश्न-पत्र व उत्तर पुस्तिका लेकर भाग जाने का मामला सामने आया है।