अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 25 फरवरी के दौरे को लेकर जहां भाजपा नेताओं में जोश है, वहीं इस दौरे के दौरान कुछ अन्य पार्टियों के नेताओं के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं भी तेजी से चल रही हैं। इस कड़ी में कांग्रेस के कुरुक्षेत्र से पूर्व सांसद नवीन जिंदल का नाम भी सोशल मीडिया पर चल रहा था।
दरअसल पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर लगातार मैसेज वायरल हो रहा था कि अमित शाह की हिसार में होने वाली रैली में नवीन जिंदल परिवार और कुछ अन्य कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इस खबर को खुद नवीन जिंदल ने शनिवार को ट्वीट करके नकारा है। नवीन जिंदल ने ट्विटर पर इस खबर को फेक न्यूज बताया है। साथ ही कहा कि इस तरह के तड़क-भड़क वाले ट्वीट करने से पहले मुझसे या मेरे कार्यालय से संपर्क करके चेक करना चाहिए था। आश्चर्य है कि ऐसी जानकारी आप कहां से प्राप्त करते हैं...।