अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। फेस्टिवल सीजन शुरू होने के साथ ही पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के सबसे व्यस्ततम राजगुरु मार्केट में सुरक्षा के प्रबंध बढ़ा दिए गए हैं। मार्केट में महिला पुलिस की तैनाती कर दी गई है, जबकि पीसीआर को लगातार गश्त के लिए लगाया गया है। दिवाली नजदीक होने के चलते रोजाना भारी संख्या में महिलाओं का मार्केट में आवागमन होता है। ऐसे में मार्केट में छीनाझपटी और महिला चोर गिरोहों के सक्रिय होने की आशंका रहती है।
वहीं दूसरी ओर नगर निगम कमिश्नर अशोक बंसल के दौरे के बाद भी बाजार में अतिक्रमण में सुधार नहीं हुआ है। अभी भी दुकानदारों द्वारा सामान दुकानों के बाहर रखा जा रहा है। हालांकि पार्किंग की जगह जरूर कुछ खाली हुई है।
छोटी सी गली, बीच में खड़ी रहती हैं बाइक
राजगुरु मार्केट के साथ लगती ही पूजा मार्केट के हालात सबसे ज्यादा बुरे हैं। यहां छोटी सी गली में दुकानें बनी हुई है। आधी जगह तो दुकानदार सामान रखकर घेर लेते हैं, जबकि सड़क के बीच में बाइक खड़ी कर दी जाती है। इस तरह यहां से निकलने में ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर महिलाओं का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
फुटपाथ से नहीं उठ रही मेहंदी लगाने वाली महिलाएं
निगम कमिश्नर ने दौरे के दौरान फुटपाथ पर बैठकर मेहंदी लगाने वाली महिलाओं को भी यहां से उठकर किसी दूसरी जगह पर बैठने के लिए कहा था। कमिश्नर का कहना था कि इन महिलाओं के फुटपाथ पर बैठने से उनके आसपास लड़कियों व महिलाओं का जमावड़ा लग जाता है। इससे जाम जैसी स्थिति हो जाती है और वाहनों की आवाजाही में दिक्कत होती है। मगर मेहंदी लगाने वाली महिलाओं पर उनकी हिदायत का कोई असर नहीं हुआ है।