अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कैंट एरिया के पास प्राइवेट स्कूल बस के साथ सड़क दुर्घटना में सूर्य नगर निवासी तीन साल के बच्चे मनिंद्र की मौत हो गई। बाइक चालक 16 वर्षीय नानक, 50 वर्षीय पप्पी कौर और उसकी बेटी प्रीत कौर हादसे में घायल हो गई। घायलों को जिंदल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। घायलों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि ढाणा कलां गांव से पप्पी कौर के लिए मोतीझारे की दवाई लेकर बाइक पर सवार होकर वापस हिसार की ओर आ रहे थे। 16 वर्षीय नानक बाइक चला रहा था। कैंट के दो नंबर गेट पहुंचे तो एक प्राइवेट स्कूल के बस चालक ने बाइक के आगे अचानक ब्रेक लगा दी। बस के अचानक रुकते ही बाइक पीछे से बस से टकरा गई। आनन-फानन में सभी को हिसार जिंदल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उपचार के दौरान तीन वर्षीय मनिंद्र की मौत हो गई। सदर थाने के एएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्राइवेट स्कूल बस चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।