अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सीएम साहब के आदेश 37 महीने बाद भी पूरे नहीं हो सके। सीएम घोषणाओं पर अब तक काम शुरू नहीं हो सका। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, मल्टीलेवल पार्किंग, डेयरी शिफ्टिंग के काम अभी शुरू नहीं हो सके। शहर के सेक्टरों की सड़कों पर पिछले तीन साल से पेचवर्क ही नहीं हो सका।
सीएम के आदेश जमीन पर पूरा होने में कितना समय लगेगा, शायद कोई नहीं जानता। सीएम मनोहर लाल ने 29 दिसंबर 2014 को कई घोषणाएं की थीं, जिनमें शहर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का एलान किया था। 52 एकड़ में यह प्लांट बनाया जाना था। इसके लिए अभी तक जमीन ही नहीं मिल सकी। सीएम की ओर से शहर के डेयरी प्रोजेक्ट को शहर से बाहर 100 एकड़ में शिफ्ट करना था। चार अलग-अलग जोन में डेयरी शिफ्ट करना था, जिसमें अब तक जमीन ही नहीं मिल सकी। शहर में मल्टीलेवल पार्किंग के लिए भी सीएम की ओर से उसी दिन एलान किया गया था। इस प्रोजेक्ट को भी 37 महीने से जमीन का इंतजार है। सीएम की ओर से गो अभयारण्य का प्रोजेक्ट भी अभी अधूरा है। करीब सवा साल पहले मुख्यमंत्री ने पड़ाव चौक से जहाजपुल तक फोरलेन सड़क का एलान किया था। 15 महीने से इस प्रोजेक्ट को शुरू होने का इंतजार है। सीएम की ओर से करीब आठ महीने पहले बस अड्डे के पास बने एफओबी पर लिफ्ट लगाने का आदेश दिया गया था। इस पर अभी तक काम शुरू नहीं हो सका। सीएम की जिले में 337 घोषणाओं में महज 10 प्रतिशत ही पूरी हो सकी हैं।
37 महीने बाद सीएम का दरबार आज
सीएम ने 29 दिसंबर 2014 को हिसार में खुला दरबार लगाया था। महाबीर स्टेडियम में लोगों की शिकायतें ली गई थीं। इसके बाद इस तरह का खुला दरबार नहीं हो सका। रविवार को सीएम सुबह साढे़ 10 बजे पंचायत भवन में जनता दरबार में जन समस्याएं सुनेंगे। जनता दरबार में सभी विभागों के उच्चाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर समस्याओं का समाधान करवाएंगे।
137 करोड़ की परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला-उद्घाटन
-सीएम 38 करोड़ 20 लाख की लागत से बने तीसरे जलघर का उद्घाटन करेंगे।
-ऋषि नगर में 54 करोड़ 47 लाख रुपये के एसटीपी का उद्घाटन करेंगे।
-उकलाना में 13.85 करोड़ रुपये से बने एसटीपी का उद्घाटन करेंगे।
- 13.51 करोड़ के हिसार डिस्ट्रीब्यूटरी पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे।
--2.55 करोड़ रुपये की कोहली माइनर की आधारशिला रखेंगे।
-1.61 करोड़ रुपये की दड़ौली डिस्ट्रीब्यूटरी के पुनर्निर्माण कार्य की आधारशिला रखेंगे।
-3.79 करोड़ से सीसवाल में सीएचसी और आवास की आधारशिला रखेंगे।
-2.78 करोड़ से बिचपड़ी में बनने वाली पीएचसी, आवास की आधारशिला रखेंगे।
-1.39 करोड़ से भगाना से सुल्तानपुर के संपर्क मार्ग की आधारशिला रखेंगे।
-2.19 करोड़ से गोरछी से बड़वा के सड़क निर्माण की आधारशिला रखेंगे।
- 1.50 करोड़ से कैमरी-डाबड़ा सड़क की आधारशिला रखेंगे।
-2.10 करोड़ की लागत से बनने वाली उकलाना की नई सब्जी मंडी की आधारशिला रखेंगे।
मंडल आयुक्त ने ली मीटिंग
मंडल आयुक्त राजीव रंजन, डीसी निखिल गजराज ने सीएम के कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को अधिकारियों की मीटिंग ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दरबार में किसी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए जरूरी है कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
रात 10 बजे तक चलता रहा सड़क का पेचवर्क
सीएम के आने से पहले अधिकारी शहर में पेचवर्क कराते दिखे। पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की सड़कों पर पेचवर्क किया गया। सीएम के कार्यक्रमों के सभी रूट पर पेचवर्क किया। यहां सड़कों के गड्ढे भरने के लिए कर्मचारी सुबह से ही लगा दिए गए थे। जिन गड्ढों को भराने के लिए लोग पिछले छह महीने से गुहार लगा रहे थे, वह महज छह घंटे में ही भर गए। सेक्टर 9-11 के पास रात 10 बजे तक पेचवर्क का काम चलता रहा। जनता दरबार के लिए पंचायत भवन को दोबारा से रंग-रोगन किया गया है। यहां पिछले तीन दिन से कर्मचारी लगे हुए हैं।
फोटो 3 से 6
-37 महीने बाद भी शहर की बड़ी घोषणाएं जमीन न मिलने के कारण अटकीं
- सीएम की महज 10 प्रतिशत घोषणाएं हो सकीं पूरी