फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: 15 सेकंड में बर्तन स्टोर से 50 हजार रुपये चोरी, आरोपी सीसीटीवी में कैद

विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। सर्दी बढ़ने के साथ ही चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। मंगलवार अलसुबह करीब चार से पांच बजे के बीच बाइक सवार दो युवकों ने गांधी चौकी की दो और आर्य बाजार की एक दुकान के ताले तोड़े। हालांकि वे दो जगह चोरी करने में असफल रहे जबकि बर्तन स्टोर से 15 सेकंड में अलमारी में रखी 50 हजार की नकदी ले गए। इस दौरान आरोपियों के चेहरे दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
विज्ञापन

बर्तन स्टोर में चोरी करने से पहले चोरों ने साथ लगती हुक्के की दुकान के ताले तोड़े, लेकिन सेंटर लॉक होने से वे कामयाब नहीं हो सके। वहीं आर्य बाजार में लोगों के शोर मचाने से किराना की दुकान में चोरी का प्रयास सफल नहीं हो सका और दोनों आरोपी बाइक पर फरार हो गए। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकानदार दीपक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।
जैन गली के रहने वाले दीपक कुमार ने बताया कि गांधी चौक पर बर्तनों की दुकान है। मंगलवार सुबह आठ बजे पड़ोसी दुकानदार ने बताया कि शटर पर लगे ताले टूटे पड़े हैं। सूचना मिलने पर वह दुकान पर गया तो लकड़ी की अलमारी में रखे 50 हजार रुपये गायब मिले। वहीं, बर्तन स्टोर के साथ लगती हुक्के की दुकान के संचालक चाहत ने बताया कि चोरों ने सुबह बर्तन स्टोर में चोरी की वारदात करने से पहले चोरों ने उसकी दुकान के शटर पर लगे तालों को तोड़ा। हालांकि सेंटर लॉक होने से चोर वारदात करने में असफल रहे।
विज्ञापन

लोहे की रॉड छोड़कर भागे
आर्य बाजार में गुरु नानक किराना स्टोर संचालक सुरेश ने बताया कि रात 9 बजे दुकान से घर गए थे। सुबह पड़ोसी दुकानदार ने फोन कर बताया कि शटर पर लगे ताले टूटे हुए हैं। दुकान पर पहुंचे तो पता चला कि सुबह करीब 5 बजे दो युवक बाइक पर आए और शटर पर लगे दोनों तालों को तोड़ा। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति सैर करने के लिए जा रहा था। उसने युवकों को ताले तोड़ते देखा तो शोर मचाया। इसके बाद चोर लोहे की रॉड दुकान के बाहर छोड़कर बाइक पर फरार हो गए।
बाजारों में पुलिस बढ़ाए गश्त : गर्ग

चोरी की वारदात की सूचना पर मंगलवार सुबह पीड़ित दुकानदार से मिलने पहुंचे हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार को व्यापारी व आम जनता की सुरक्षा के लिए कठोर से कठोर कदम उठाने चाहिए। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पैदल गश्त, बाइक राइडर व पीसीआर की ड्यूटी बढ़ाए। स्पेशल पुलिस फोर्स का गठन करना चाहिए। इस मौके पर गांधी बुत एसोसिएशन के प्रधान रमेश लोहिया, सचिव राजेश लोहिया, स्वर्णकार संघ के प्रधान रामनिवास सोनी, प्रमोद जैन, दीपक कुमार जैन, राम लाल वर्मा, राजेंद्र कशीरा, पीड़ित कृष्ण कुमार, राहुल गर्ग, प्रदेश युवा सचिव भारत आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें