हिसार। गोगामेड़ी के लिए प्राइवेट बस में सवारियां बैठाते हुए।
हिसार। गोगामेड़ी में मेला चल रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोडवेज 24 घंटे बसों की सुविधा दे रहा है। इसी कड़ी में शनिवार शाम सात बजे तक रोडवेज ने गोगामेड़ी मेले के लिए स्पेशल 25 बसें भेजी। इसी प्रकार प्राइवेट भी 25 ही बसें गई हैं। बसों की सुविधा बस स्टैंड के मुख्य गेट के पास से ही दी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को बसों के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। रोडवेज की ओर से श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बसें चलाई जा रही हैं। जैसे-जैसे सवारियां आ रही हैं, वैसे-वैसे बसें भेजी जा रही हैं। इसके लिए एक काउंटर भी लगाया गया है। काउंटर पर कर्मचारी बसों के नंबर से लेकर चालक, परिचालक और बसों का चलने का समय नोट कर रहे हैं। वहीं, बसों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ है।
बता दें, कि रोडवेज की ओर से हिसार से भादरा के लिए ही बस की सुविधा है। ऐसे में गोगामेड़ी जाने के लिए लोगों को भादरा से बस बदलनी पड़ती है। रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए स्पेशल बसें चलाई जा रही हैं। वहीं, हिसार के अलावा राजस्थान सहित अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु गोगामेड़ी मेले में पहुंचते हैं।
इसलिए बसों में भारी भीड़
हिसार से गोगामेड़ी के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा नहीं है। यदि श्रद्धालुओं को ट्रेन में गोगामेड़ी जाना है तो पहले उन्हें हिसार से ट्रेन में सादुलपुर जाना पड़ेगा। यहां से फिर गोगामेड़ी के लिए ट्रेन मिलेगी। इसी कारण बसों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। पिछले साल भी रोडवेज ने गोगामेड़ी के लिए स्पेशल बसें चलाई थी। इससे रोडवेज की आय में भी इजाफा हुआ था।