हिसार। नगर निगम का एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ चालान काटने का अभियान बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान निगम की टीम ने पुरानी सब्जी मंडी, जहाज पुल व ठंडी सड़क क्षेत्र में 5 दुकानदारों के चालान किए। टीम ने इन दुकानदारों पर 3500 रुपये जुर्माना किया। टीम में एएसआई राहुल, रोहित व कपिल शामिल थे। सीएसआई राजकुमार ने बताया कि निगमायुक्त प्रदीप दहिया के आदेशानुसार यह कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि एक जुलाई से एकल उपयोग प्लास्टिक की बिक्री, इस्तेमाल, निर्माण व स्टोर करने पर प्रतिबंध लग चुका है। इस नियम को तोड़ने पर 500 रुपये से 25 हजार रुपये का जुर्माना किया जा सकता है।