शहर के सेक्टर 16-17 के पास स्थित प्रेम कॉलोनी में बनी झोंपड़ियों में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। एक झोंपड़ी में लगी इस आग ने धीरे-धीरे आसपास की झोंपड़ियों को भी चपेट में ले लिया। इस दौरान एक छोटा गैस सिलिंडर फट गया, जिससे आग और भड़क गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। मगर तब तक पांच झोंपड़ियां जल चुकी थीं।
घटना के समय झोंपड़ियों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे सिर्फ सामान को ही नुकसान पहुंचा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू की। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है। झोंपड़ी में रहने वाली पार्वती ने बताया कि जिस समय आग लगी उस समय बाहर काम पर गए हुए थे। पड़ोस वालों ने बताया कि झुग्गी में आग लगी हुई है, जब झुग्गी के पास पहुंची तो वह जल चुकी थी और सिर्फ धुआं उठ रहा था।
आग में बेटी की शादी के अरमान भी जल गए : पार्वती का कहना है कि आग में बेटी की शादी के अरमान भी जल गए। पार्वती के अनुसार अगले महीने उसकी बड़ी बेटी की शादी है। शादी के लिए दो लाख रुपये का ऋण लिया था। इसके अलावा दो लाख रुपये जमा किए थे। करीब चार लाख रुपये रखे थे जो आग में जल गए। कुछ जले हुए नोटों के टुकड़े मिले हैं। इसके अलावा तीन तोले के चांदी के आभूषण भी नहीं मिले। बेटी की शादी को लेकर कपड़े भी खरीद कर रखे थे और वे भी जल गए।
जोर की आवाज सुनाई दी : झोंपड़ी के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि सुबह जोर की आवाज सुनाई दी। शोर सुनकर घर से बाहर गए तो देखा कि सामने झोंपड़ी में आग लगी हुई थी। बच्चे इधर उधर भाग रहे थे। यह देख कर दमकल विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने कई झोंपड़ियों को अपनी चपेट मे ले लिया।
गुजर-बसर करने को कुछ नहीं रहा : मूल रूप से बिहार निवासी व पीड़ित राधे मुखिया, धमेंद्र, वकील, सीताराम व ओजिंद्र ने बताया कि आग लगने से उनका सारा सामान जल गया। अब उनके सामने गुजर बसर करने का भी कुछ नहीं रहा।