वीएलडीए प्रवेश परीक्षा के दौरान दस्तावेज की जांच करवाते अभ्यर्थी।
हिसार। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) की ओर से रविवार को पशु चिकित्सा एवं पशुधन विकास सहायक (वीएलडीए) प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। जिले में बनाए गए नौ परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत 5276 अभ्यर्थियों में से 4612 ने परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 11:15 बजे शुरू हुई और दोपहर 1:15 बजे तक चली। सफल अभ्यर्थियों को वीएलडीए पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर पशुधन विकास सहायक बनने की दिशा में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी निर्धारित समय पर पहुंचे और दो घंटे तक प्रश्न हल किए। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र के स्तर और सवालों को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र में विषय से संबंधित सवालों के साथ सामान्य जानकारी पर आधारित प्रश्न भी पूछे गए। नियमित रूप से पाठ्यक्रम के अनुसार तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को सवाल हल करने में मदद मिली, जबकि कुछ को प्रश्न हल करने में अपेक्षा से अधिक समय लगा। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के बीच उत्तरों को लेकर भी चर्चा होती रही।
मुझे प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य लगा। तैयारी के दौरान जिन विषयों को पढ़ा था उनसे जुड़े सवाल आए। मैंने सभी प्रश्नों को ध्यान से हल करने का प्रयास किया।
- मुकेश, अभ्यर्थी।
कुछ सवाल आसान थे जबकि कुछ को हल करने में थोड़ा समय लगा। मैंने पहले उन प्रश्नों को हल किया जिनके उत्तर मुझे अच्छी तरह आते थे।
- सोनिया, अभ्यर्थी।
परीक्षा में विषय की समझ परखने वाले सवाल थे। मैंने समय का ध्यान रखते हुए सभी प्रश्न हल करने की कोशिश की। अब मुझे परिणाम का इंतजार है।
- प्रीति, अभ्यर्थी।
मैं वीएलडीए का पाठ्यक्रम करके पशुपालन और पशुओं की देखभाल से जुड़ी तकनीकी जानकारी हासिल करना चाहता हूं। इसी उद्देश्य से मैंने प्रवेश परीक्षा दी है। उम्मीद है कि मुझे इसमें सफलता मिलेगी।
- समीर, अभ्यर्थी।