अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। प्रदेश सरकार की ओर से जीएलएफ की 50 एकड़ जमीन देते ही नगर निगम प्रशासन ने शहर की डेयरियों की शिफ्टिंग के प्रोजेक्ट पर काम करना शुरू कर दिया है। निगम प्रशासन शहर में डेयरियों का आंकड़ा पुख्ता करने के लिए दोबारा से सर्वे करवाएगा। एक-एक डेयरी की वेरिफिकेशन करने कर्मचारियों को भेजा जाएगा। इसके बाद जो डेयरियों की संख्या सामने आएगी, उसी के आधार पर 50 एकड़ जमीन पर डेयरियों के लिए जगह तय की जाएगी।
प्रशासन के पास 316 डेयरियों का आंकड़ा
नगर निगम के अधीक्षक अभियंता रामजीलाल ने बताया कि नगर निगम प्रशासन के पास शहर में 316 डेयरियों का आंकड़ा है। मगर इस व्यवसाय से जुड़े लोगों की मानें तो यह संख्या 400 से भी अधिक है। ऐसे में जब डेयरियों को शिफ्ट किया जाएगा, तब जगह देने को लेकर समस्या पैदा न हो, इसलिए दोबारा से सही डाटा एकत्रित करने का प्लान बनाया गया है। कर्मचारियों की टीमें बनाकर उन्हें अलग-अलग वार्डों में चल रही डेयरियों की वेरिफिकेशन के लिए भेजा जाएगा।