अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। सिकंदराबाद के लिए शुरू हुई ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के समय भाजपा-इनेलो में जयकारों की जंग हुई। भाजपा कार्यकर्ता भारत माता की जय के नारे लगाते रहे। इनेलो कार्यकर्ताओं ने ताऊ देवीलाल अमर रहे तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयकारे लगाए। समर्थकों की इस नारेबाजी की गूंज में ट्रेन की सीटी भी नहीं सुनाई दी।
बीकानेर से सिकंदराबाद तक की ट्रेन को हिसार तक विस्तारित किया गया है। रविवार को यह ट्रेन पहली बार हिसार पहुंची। ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला, चुरू से भाजपा सांसद राहुल कस्वां, हिसार विधायक डॉ. कमल गुप्ता पहुंचे। सुबह 9:20 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाना था। विधायक डॉ. कमल गुप्ता के समर्थक उनके साथ नारे लगाते हुए ट्रेन के पिछले हिस्से की ओर चल पड़े। आखिरी डिब्बे के पास खड़े होकर समर्थकों ने भारत माता के जयकारे शुरू कर दिए। सांसद दुष्यंत चौटाला भी चंद सेकेंड बाद ही वहां पहुंच गए। सांसद के समर्थकों ने ताऊ देवीलाल अमर रहे, हमारा सांसद कैसा हो, भाई दुष्यंत चौटाला जैसा हो... के नारे लगाए। ट्रेन के रवाना होने तक दोनों ओर से समर्थकों में नारेबाजी की जंग होती रही।
आखिरी डिब्बे से हरी झंडी...
सामान्य तौर पर ट्रेन की शुरुआत करने पर आगे इंजन के पास खड़े होकर झंडी दिखाकर रवाना किया जाता है। सिकंदराबाद ट्रेन को इंजन के पास खडे़ होकर झंडी दिखाने के बजाय आखिरी डिब्बे के पास खड़े होकर रवाना किया गया।
चलती ट्रेन से उतरे विधायक
सिकंदराबाद के लिए रवाना हुई ट्रेन में चुरू के सांसद राहुल कस्वां सवार होकर गए। आखिरी डिब्बे को उनके आरक्षित किया गया था। ट्रेन को झंडी दिखाने के लिए विधायक डॉ. कमल गुप्ता भी डिब्बे में सवार हो गए। नारेबाजी में ट्रेन की सीटी नहीं सुनी। ट्रेन चलने लगी तो विधायक डॉ. कमल गुप्ता चलती ट्रेन से उतरे।
कब जाएगी ट्रेन..
ट्रेन हिसार से बीकानेर-सिकंदराबाद के लिए रविवार और शुक्रवार को रवाना होगी
यह होगा ट्रेन का शेड्यूल
हिसार से 9:25 बजे रवाना होगी
चुुरू में 11:15 बजे पहुंचेगी
बीकानेर 3:10 बजे पहुंचेगी
नौखा शाम 4:38 बजे पहुंचेगी
जोधपुर रात 9:00 बजे पहुंचेगी
मारवाड़ रात 11:13 बजे पहुंचेगी
अबूरोड देर रात 2:03 बजे पहुंचेगी
मेहसाना सुबह 4:18 बजे पहुंचेगी
अहमदाबाद सुबह 6:35 बजे पहुंचेगी
बड़ोदरा सुुबह 9:53 बजे पहुंचेगी
सूरत सुबह 11:30 बजे पहुंचेगी
जलगांव शाम 5:40 बजे पहुंचेगी
बडनेरा रात 9:45 बजे पहुंचेगी
काजीपोट सुबह 5:50 बजे पहुंचेगी
सिकंदराबाद सुबह 8:50 बजे पहुंचेगी
राजस्थान, गुजरात, तेलंगाना तक जुडे़ंगे
इस ट्रेन के शुरू होने से राजस्थान, गुजरात, तेलंगाना सीधा जुड़ जाएगा। हिसार से रवाना होने के बाद यह ट्रेन सीधा चुरू रुकेगी। इसके बाद बीकानेर, नौखा, जोधपुर, मारवाड़, अबूरोड, मेहसाना, अमदाबाद, बड़ोदरा, सूरत, जलगांव, बडनेेरा, काजीपोट होते हुए सिकंदराबाद तक जाएगी।