तेज गति से चलती बस से गिरा बालक, टायर के नीचे आने से मौत
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। आजाद नगर क्षेत्र में चलती बस से गिरकर टायर के नीचे आने से एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चा अपने पिता के साथ सिवानी की ओ जा रहा था। बच्चे के पिता ने बस ड्राइवर पर तेज गति से बस दौड़ाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने बच्चे के पिता के बयान के आधार पर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मृतक बच्चे सचिन के पिता भिवानी के गांव मतानी निवासी संतलाल ने बताया कि उसके दो बेटे व एक बेटी है। उसका बड़ा बेटा राहुल हिसार में कोचिंग ले रहा है। बुधवार को वह अपने बेटे राहुल से मिलने के लिए आया था। उसके साथ उसका छोटा बेटा सचिन भी था। बेटे राहुल से मिलने के बाद उसने बाजार से कुछ घरेलू सामान लिया और उसके बाद छोटे बेटे सचिन के साथ बस स्टैंड आ गया। यहां से वह सिवानी जाने के लिए राजस्थान रोड़वेज की चूरू जाने वाली बस में चढ़ गए। बस में ज्यादा भीड़ होने के कारण उनको सीट नहीं मिली इसलिए दोनों खिड़की के पास ही खड़े हो गए। चालक ने बस को तेज गति से दौड़ाना शुरू कर दिया। जब दो-तीन बार सवारियों ने चालक को कम गति से बस चलाने के लिए कहा तो वह सवारियों पर भड़क गया। इसके बाद जब बस आजाद नगर एरिया में पहुंची तो चालक ने बस को तेज गति से मोड़ दिया। बस की खिड़की खुली होने के कारण उसका बेटा सचिन बस से बाहर गिर गया। बाहर गिरते ही सचिन बस के पिछले टायरों के नीचे आ गया। इसके बाद गंभीर हालत मेें सचिन को अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक बच्चे के पिता के बयान के आधार पर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।