अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। राजस्थान से आए धूल भरे गुबार से वीरवार को कुछ हद तक राहत मिली। हरियाणा के कई हिस्सों में अब भी धूलभरा मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को बूंदाबांदी के साथ मौसम साफ हो जाएगा।
धूलभरी तेज हवाओं के बाद से वीरवार को शहर में कुछ हद तक धूल का प्रभाव कम हो गया। अब तक आसमान पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया है। वाहन चालकों को धूल के कण लगातार परेशान कर रहे है। कुछ देर खुले में खड़ा होने पर ही धूल जमने लगती है। मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाएं चलने से ही धूल के कण नीचे बैठेंगे। प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल कम हो गई है। कुछ एरिया में जहां हवा नहीं चली, वहां धूलभरा मौसम है। 15 जून को बरसात की संभावना नहीं है। 16 जून को बूंदाबांदी के बाद मौसम साफ हो जाएगा।
धूल भरे मौसम को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रदेश भर में सैंपल भरने का फैसला लिया है। प्रदेश भर में सैंपलिंग की जा रही है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक में ऑनलाइन मॉनीटरिंग हो रही है। अन्य जिलों में मैनुअल तरीके से सैंपलिंग की जाएगी। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को लोगों को राहत मिल जाएगी। शुक्रवार को भी कुछ एरिया में हवा चलने की संभावना है, जिसके बाद मौसम साफ हो सकता है।