दिल्ली का मॉडल पेश कर हरियाणा में चुनाव लडे़गी आप :
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हरियाणा में आम आदमी पार्टी दिल्ली का मॉडल पेश करते हुए चुनावी मैदान में उतरेगी। हरियाणा दिवस पर कुरुक्षेत्र में होने वाले सम्मेलन में पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल इसका एलान करेंगे।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ओमनारायण पंडित ने शनिवार को जाट धर्मशाला में बूथवीर सम्मेलन के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि हम हरियाणा की जनता के बीच में दिल्ली सरकार के मॉडल को रखेंगे। प्रदेश की जनता बीजेपी, कांग्रेस और इनेलो तीनों का शासन देख चुकी है। इन तीनों की जनविरोधी नीतियों की जानकारी देते हुए इनकी पोल खोलेंगे। फिलहाल हर जिले में बूथवीर सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इस कड़ी में शनिवार को हिसार में सम्मेलन बुलाया गया। राज्यस्तरीय बूथवीर सम्मेलन कुरुक्षेत्र में एक नवंबर को होगा। इसमें में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद, हरियाणा प्रभारी गोपाल राय मुख्य वक्ता होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन चलाएगी। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर रोज वारदातें हो रही हैं। इससे प्रदेश की जनता में भय का वातावरण है।
जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह सामौता ने कहा कि पिछली सभी सरकारों ने हरियाणा की जनता को ठगने के अलावा कुछ नहीं किया है। कुरुक्षेत्र में होने वाले क्रांतिकारी कार्यकर्ता सम्मेलन में हजारों की संख्या में हिसार से कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस दौरान धर्मशाला में हुई कार्यकर्ताओं की बैठक में कुरुक्षेत्र में होने वाले सम्मेलन को लेकर ड्यूटियां लगाई गई। इस मौके पर प्रवक्ता अनूप सिंह चानौत, परमजीत सिंह, जगदीश राय, अनिल मलिक, दर्शन गिल, राजीव सरदाना, संतोष जून आदि मौजूद रहे।