अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जीजेयू में रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा की छात्र पंचायत अव्यवस्थाओं के बीच संपन्न हुई। समारोह में किलकारियों को दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार के खिलाफ युवाओं का जोश बताया। सांसद ने कहा कि इस जोश के आगे अब सरकार नहीं टिक पाएगी।
जीजेयू में रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने छात्र पंचायत आयोजित की। समारोह शुरू से ही अव्यवस्थित रहा। दीपेंद्र हुड्डा के आने से पहले यहां हरियाणवी कलाकार कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे थे। इसमें हो हल्ला होने के बाद समारोह से लड़कियां चली गईं। कुछ देर बाद सांसद दीपेंद्र आए तो उनके साथ युवा किलकारियों के साथ अंदर आए। इसमें कुछ युवा दीपेंद्र हुड्डा जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। मंच पर बेहद अव्यवस्था रही। सैकड़ों युवा मंच पर रहे। आयोजकों की ओर से युवाओं को नीचे भेजने की भरपूर कोशिश की गई। पूर्व मंत्री गीता भुक्कल ने भी दीपेंद्र के भाषण से पहले युवाओं को बैठकर भाषण सुनने का अनुरोध किया। इसे युवाओं ने अनसुना कर दिया। दीपेंद्र हुड्डा ने अपना भाषण शुरू ही अव्यवस्था से किया। उन्होंने कहा कि जोश के साथ संयम भी जरूरी है। स्टेज पर ही कुश्ती चल रही है। दीपेंद्र के भाषण में भी युवाओं की किलकारियां होती रही।
ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे दीपेंद्र हुड्डा
दीपेंद्र के समर्थक ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। दीपेंद्र ने खुद ट्रैक्टर चलाया। ट्रैक्टर को लेकर सभागार तक पहुंचे। उनके पीछे बड़ी संख्या में युवा नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। समारोह में बड़ी संख्या में युवा रोहतक सांसद दीपेंद्र के साथ सेल्फी लेने को आतुर रहे। मंच से लेकर गेट तक सभी जगह युवा उनके साथ अपने फोटो करा रहे थे। सांसद ने समारोह के लिए आयोजक प्रदीप कोहली, अमरजीत डांगरा को बधाई दी।
समारोह में ये रहे मौजूद
समारोह में पूर्व मंत्री गीता भुक्कल, पूर्व मंत्री संपत सिंह, पूर्व विधायक रामनिवास घोडे़ला, पूर्व सीपीएस विनोद भ्याणा, पूर्व विधायक रामभगत शर्मा, गौरव संपत सिंह, छत्रपाल सोनी, ललित शर्मा, भूपेंद्र कासनिया, सुरेंद्र लौरा सहित अन्य उपस्थित थे।