अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
महाबीर स्टेडियम में खेल महाकुंभ में शनिवार को अंडर-19 के मुकाबले आयोजित किए गए। इसमें कुश्ती और बॉक्सिंग के मुकाबले सबसे अहम रहे। करीब 1500 खिलाड़ियों को डाइट नहीं मिली। इस कारण यहां अव्यवस्था का माहौल रहा।
खेल महाकुंभ में पहुंचे कुछ बच्चों ने डाइट को लेकर सवाल उठाए। खिलाड़ियों को दो सेब, चार केले, दो बोतल दूध, एक पिन्नी मिलती है। सभी खिलाड़ियों को यह डाइट नहीं मिल रही। इसमें खिलाड़ियों के साथ में कोच या सहायक भी आए थे। नियम के अनुसार एक खिलाड़ी के लिए डाइट के 100 रुपये तय हैं। जिला खेल अधिकारी सतविंद्र गिल ने कहा कि शनिवार को एक हजार खिलाड़ियों की डाइट थी। शनिवार को 2500 से ज्यादा खिलाड़ी आ गए थे। इस कारण कारण यह व्यवस्था बिगड़ गई।
कुश्ती : 57 किलोग्राम में प्रदीप प्रथम
कुश्ती में खिलाड़ियों के बीच कडे़ मुकाबले में 57 किलोग्राम में प्रदीप, 61 किलोग्राम में अंकित, 65 किलोग्राम में विश्वास, 70 किलोग्राम में प्रशांत, 74 किलोग्राम में प्रीतम, 86 किलोग्राम में रमेश, 97 किलोग्राम में अजय, 125 किलोग्राम में जितेंद्र प्रथम रहा। जूडो में 40 किलोग्राम में पवन, 45 किलोग्राम में दिनेश, 50 किलोग्राम में संदीप, 55 किलोग्राम में सचिन विजेता रहे। 60 किलोग्राम में दीपेश अव्वल रहा। 66 किलोग्राम में अनिल ने मुकाबला जीता। 73 किलोग्राम में विक्रम प्रथम रहा। 73 किलोग्राम से अधिक में सुरेंद्र विजेता बने। लंबी कूद में भूपेंद्र सबसे लंबी छलांग लगाकर प्रथम पाया। पवन द्वितीय रहे। डिस्कस थ्रो में प्रथम विशन तोमर और द्वितीय अंकित रहा। शॉटपुट में अंकित विजेता बना। विशाल को दूसरा स्थान मिला।
खराब गद्दों के कारण चोटिल हुुए खिलाड़ी
टूटे हुए गद्दे के कारण दो खिलाड़ियों को चोट लगी। इसमें सोनू गांव गुराणा से खेलते हुए हाथ की अंगुली पर चोट लगी। प्रदीप कुमार को कोहनी पर चोट लगी, एंबुुलेंस ने उसे तुरंत उनका प्राथमिक चिकित्सा दी।
खिलाड़ियों को मिला गर्म पानी...
महाबीर स्टेडियम में पीने के पानी के लिए एक ही वाटर कूलर है। बड़ी संख्या में खिलाड़ी आने के कारण वाटर कूलर से पानी नहीं मिला। यहां दो बडे़ टैंकर में पानी मंगाया गया था। टैंकर में पानी धूप के कारण गर्म था। खिलाड़ियों को गर्म पानी पीना पड़ा।