हिसार। जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से बुधवार सुबह अश्व अनुसंधान लैब में भेजे गए 41 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। वहीं देर शाम तक जिला अस्पताल की ओर से रोहतक लैब में भेजे गए 23 सैंपल की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। जिला नागरिक अस्पताल प्रशासन की ओर से बुधवार को 25 नए सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 6 सैंपल आइसोलेेशन वार्ड से लिए गए और बाकि फ्लू क्लीनिक में जांच के लिए आए लोगों के थे। उधर, स्वास्थ्य विभाग की नौ टीमों ने आशा वर्कर के साथ मिलकर जिले में 1600 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान कुछ लोगों में सामान्य लक्षण मिले तो उन्हें दवा देकर एहतियात बरतने की हिदायत दी गई। मलेरिया विभाग के बायोलॉजिस्ट डॉ. रमेश पूनिया ने बताया कि उनकी टीम ने अर्बन एस्टेट क्षेत्र में 300 लोगों के स्वास्थ्य की थर्मल स्कैनिंग की है। इस दौरान किसी भी व्यक्ति में बुखार के कोई लक्षण नहीं मिले, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।