हिसार। राजगुरु मार्केट के व्यापारियों ने बरामदों में चार फीट जगह डिस्प्ले के लिए देने की मांग के लिए निगम आयुक्त को मांगपत्र सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए उन्हें यह सुविधा दी जानी चाहिए।
व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बरामदों के लिए रजिस्ट्री में स्पष्ट उल्लेख नहीं है इसलिए उन्हें जबरन खाली नहीं कराया जाना चाहिए। निगम मौके पर चार फीट जगह की मार्किंग कर दे ताकि इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा सके।
व्यापारी प्रतिनिधि शुभम वलेचा ने बताया कि चार फीट जगह को अतिक्रमण में शामिल न किया जाए। उन्होंने कहा कि निगम अधिकारी मौके का निरीक्षण कर व्यापारियों के साथ बैठक करें और स्थायी नीति तैयार करें। व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि पैदल चलने वालों को परेशानी न हो और किसी व्यापारी के साथ भेदभाव भी न किया जाए।
उन्होंने बताया कि छोटे बूथ संचालकों को जगह की कमी के कारण अधिक परेशानी होती है। राजगुरु मार्केट के बरामदों को लेकर नीति बनाने में व्यापारियों की भागीदारी जरूरी है। आज के समय में डिस्प्ले व्यापार का अहम हिस्सा बन गया है।
महिलाएं संभाल सकती हैं निगम की पार्किंग व्यवस्था
राजगुरु मार्केट की पार्किंग के लिए अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। निगम ने पार्किंग संचालन के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं, जिन्हें 18 अगस्त को खोला जाएगा। निगम की ओर से सेल्फ हेल्प ग्रुप को प्राथमिकता देने की तैयारी है। इसके तहत महिलाओं का समूह पार्किंग व्यवस्था संभाल सकता है। निगम आयुक्त की ओर से महिला समूहों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में यह पहल की जा रही है।