हिसार। जिले में सोमवार को दो बुजुर्गों सहित चार लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। इस वजह से कोरोना मौत का आंकड़ा 213 हो गया है। इसके अलावा 135 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले, जिन्हें मिलाकर जिले में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 14816 पहुंच गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संक्रमित मृतकों में उगालन गांव निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति, सैनियान मोहल्ला निवासी 59 वर्षीय व्यक्ति, सेक्टर-14 निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग और सेक्टर-15 निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। ये अग्रोहा मेडिकल कॉलेज, रोहतक पीजीआई, सर्वोदय अस्पताल और होली अस्पताल में दाखिल थे और गंभीर हालत के चलते वेंटीलेटर पर रखे गए थे। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सभी मृतक शुगर, बीपी, लीवर, दिल की बीमारी सहित अन्य बीमारियों से ग्रस्त थे।
उप सिविल सर्जन डॉ. जया गोयल के अनुसार देर शाम आई रिपोर्ट में 135 कोरोना केस मिले। उल्लेखनीय है कि तीन दिनों से जिले में 200 से कम कोरोना केस मिल रहे हैं। हालांकि विभाग द्वारा इन 2 दिनों में सैंपलिंग भी कम की गई है, लेकिन सोमवार से सैंपलिंग फिर बढ़ा दी गई है। जिले के कुल संक्रमित 14816 में से अब तक 12938 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 1666 एक्टिव केस हैं। सोमवार को केस कम मिलने से कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों के रिकवरी रेट में काफी बढ़ोतरी हुई और यह 87.32 प्रतिशत रहा। विभाग की टीमें सभी संक्रमित मरीजों की हिस्ट्री जुटा रही हैं।