मंडी आदमपुर। गांव सदलपुर निवासी ठेकेदार राकेश उर्फ चौटाला का अपहरण कर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने लगातार दबिश दी। इससे दबाव में मंंगलवार को आरोपी पिता-पुत्रों सहित 4 ने आदमपुर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सदलपुर निवासी संतलाल, उसके बेटे वरुण व राहुल और गांव गोरखपुर निवासी अंकुश को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस को दी शिकायत में भोडिया रोड़ सदलपुर निवासी पीड़ित ठेकेदार राकेश उर्फ चौटाला ने बताया कि वह सरकारी काम का ठेका लेता है। कुछ दिन पहले उसने व सदलपुर निवासी संतलाल ने अपनी 2 ढाणियों में जाने वाले रास्ता को सरकार द्वारा पक्का करने के बारे में दरखास्त लगाई थी। सरकार ने उसकी ढाणी को जाने वाले रास्ते को मंजूर कर दिया, लेकिन संतलाल की ढाणी को जाने वाले रास्ता को मंजूरी नहीं मिली। इस बात को लेकर संतलाल ने उससे कहा कि उसने उसका रास्ता मंजूर नहीं होने दिया। इसी रंजिश में उन्होंने उसका अपहरण कर चोट मारी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संतलाल, वरुण, राहुल संदीप, विकास, पीके, आत्माराम, विक्रम व नवीन के खिलाफ केस दर्ज किया था। संवाद