नारनौंद। गांव पेटवाड़ में खेतों में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे आग लगने से 4 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल और 10 एकड़ में फसल अवशेष (फाने) जलकर राख हो गए। यह घटना पेटवाड़ से उगालन रोड पर हुई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
आग लगने के बाद आसपास के किसानों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। किसानों ने ट्रैक्टरों पर स्प्रे पंप लगाकर पानी का छिड़काव किया और हैरो से मिट्टी डालकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। हालांकि आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां (दो नारनौंद और एक बास) से मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। किसानों रोशन, रमेश, वकील और अमित ने बताया कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की गेहूं की फसल भी जलकर राख हो सकती थी। थाना प्रभारी रमेश कुमार ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि जो कच्चे कर्मचारी फायर ब्रिगेड पर लगाए गए हैं उनका अनुभव कम था। अगर ग्रामीण मदद नहीं करते तो आग पर काबू पाना संभव नहीं था।