नारनौंद (हिसार)। गांव मोठ व गढ़ी अजीमा के बाइक चला रहे बेटे को गोली मारकर पिता से सवा चार लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घायल को नारनौंद के सामान्य अस्पताल में लाया गया, जहां से उसे हिसार रेफर कर दिया गया। हिसार के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं मौके पर सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। वहीं पुलिस ने बैंक से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।
लोहारी राघो निवासी किसान कृष्ण ने बताया कि सोमवार को उसने लोहारी राघो के एक आढ़ती से 3 लाख 80 हजार रुपये लेकर मोठ रांगड़ान के भारतीय स्टेट बैंक में किसान कार्ड के पैसे जमा करवाए थे। मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह और उसका बेटे श्रीनिवास ने यह राशि निकाल ली। इसके अलावा श्रीनिवास के बैंक खाते से 45 हजार रुपये निकलवाए। 3 लाख 80 हजार रुपये वापस आढ़ती को देने थे। वे 4 लाख 25 हजार रुपये लेकर लोहारी राघो के लिए चल पड़े। श्रीनिवास बाइक चला रहा था और वह पैसे लेकर पीछे बैठा हुआ था। जैसे ही वह बुडाना की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक सवार तीन बदमाश आए, जिनमें से दो ने कपड़े से अपना मुंह ढक रखा था, जबकि तीसरा बदमाश खुले मुंह ही था। उन्होंने श्रीनिवास को पीछे से गोली मार दी, जो उसकी पीठ में लगी। गोली लगते ही उन्होंने बाइक को रोक लिया और एक बदमाश आया और पैसे लूटकर तीनों लोहारी राघो की तरफ फरार हो गए। उसके बाद कृष्ण राहगीरों की मदद से श्रीनिवास को नारनौंद के नागरिक अस्पताल में ले गया। पुलिस को सूचना मिलते ही डीएसपी जुगल किशोर और थाना प्रभारी नायब सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कृष्ण के बयान पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आईपीसी की धारा 394, 397, 307, 34 व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर दी है
आरोपियों को पकड़ने के लिए तुरंत क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई थी। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए हांसी सीआईए व दो टीमें नारनौंद पुलिस की गठित कर दी गई है। बैंक की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर ही है।
-जुगल किशोर, डीएसपी नारनौंद।