हिसार। नगर निगम हाउस की दो मार्च को प्रस्तावित साधारण बैठक के लिए 397 एजेंडे फाइनल कर दिए गए हैं। इन एजेंडों पर हाउस की बैठक में चर्चा कर मुहर लगाई जाएगी। एजेंडे शहर के 20 वार्डों के पार्षदों, तीन मनोनीत पार्षदों और विभिन्न विभागों की ओर से भेजे गए प्रस्तावों के आधार पर तय किए गए हैं। इनमें सड़कों के निर्माण व मरम्मत, स्ट्रीट लाइट लगाने, पार्कों के सौंदर्यीकरण, सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख हैं।
वार्ड-1 की पार्षद सरोज जैन ने ऋषि नगर, न्यू ऋषि नगर और सेक्टर-14 के पार्कों के नवीनीकरण, मोहना मंडी की सड़कों के निर्माण और धोबी घाट पर लाइब्रेरी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। वार्ड-2 के पार्षद मोहित सिंगल ने मोरी गेट पर पार्क निर्माण, पुराने शहर में प्रवेश द्वार, तेजा मार्केट व गुलाब सिंह चौक पर हाई मास्ट लाइट तथा वार्ड में लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग रखी है।
वार्ड-3 की पार्षद ज्योति ने गीता भवन पार्क के एक हिस्से को सेल्फी प्वाइंट व पहाड़ी थीम के रूप में विकसित करने, अस्थायी कर्मचारियों का कार्यकाल 25 नवंबर के बाद बढ़ाने और बेसहारा पशु व कुत्तों की समस्या के समाधान का प्रस्ताव दिया है। वार्ड-4 के पार्षद हरिसिंह ने सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने, सब्जी मंडी चौक के फव्वारे को चालू कराने और सब्जी मंडी पार्क के फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की मांग एजेंडे में शामिल कराई है। अन्य वार्डों के पार्षदों ने भी अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास प्रस्ताव भेजे हैं, जिन पर बैठक में निर्णय लिया जाएगा।