हिसार के मंडल स्तर पर पुलिस की ओर से जब्त किए गए नशीले पदार्थों के साथ एडीजीपी डॉ. एम रवि किरण
हिसार। मंडल स्तर पर पुलिस द्वारा पकड़े गए नशे को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. एम रवि किरण ने छह जिलों के पुलिस अधीक्षकों की गठित संयुक्त कमेटी की देखरेख में आग के हवाले किया। पर्यावरण की सुरक्षा के मध्यनजर और सुरक्षित निस्तारण के लिए सेक्टर 27-28 में सैनर्जी वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में कड़ी सुरक्षा के बीच मंडल के 308 मुकदमों के तहत जब्त 3,959.5 किलोग्राम मादक पदार्थों को भट्ठी मे डालकर नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में चूरापोस्त, चरस, स्मैक, गांजा, हेरोइन और प्रतिबंधित दवाइयां थी। इस अवसर पर एडीजीपी ने पुलिस अधीक्षकों को नशा तस्करों पर लगातार सख्ती बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि हिसार पुलिस ने 8 केस में जब्त किए गए 17 किलोग्राम मादक पदार्थ, हांसी के 11 केस में 29.632 किलोग्राम मादक पदार्थों, जींद के 35 केस में पकड़े गए 1,876.7 किलोग्राम मादक पदार्थों को, सिरसा के 141 केस में 601 किलोग्राम मादक पदार्थों को, फतेहाबाद के 64 केस में पकड़े गए 864.4 किलोग्राम मादक पदार्थों और पुलिस जिला डबवाली के 49 केस में जब्त किए गए 570.55 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। 38 केस में जब्त किए गए 32.420 किलोग्राम अफीम को सुरक्षित माल खाना में रखवाया गया। जिसको नारकोटिस कंट्रोल ब्यूरो से अनुमति मिलने के बाद नीमच या गाजीपुर में सरकार के नियंत्रण में चलने वाली कंपनी में भिजवाया जाएगा। इस अवसर पर निस्तारण कमेटी की सदस्य फतेहाबाद एसपी आस्था मोदी, हिसार एसपी शशांक कुमार सावन, सिरसा एसपी विक्रांत भूषण, जींद एसपी राजेश कुमार, डबवाली एसपी सिद्धांत जैन और हांसी एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा मौजूद थे।