हांसी। पिछले दिनों हुई भारी बारिश से मकानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए करीब 3500 लोगों ने लघु सचिवालय में आवेदन किया है। इसमें सबसे ज्यादा आवेदन चानौत, मसुदपुर, भाटला व कुलाना गांव से आए हैं। बारिश व जलभराव से मकान को हुए नुकसान की आकलन प्रक्रिया को और तेज करने के उद्देश्य को लेकर एसडीएम राजेश खोथ ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली।
मुआवजे के लिए करीब 20 दिन पहले योजना शुरू की गई थी। इसके तहत मैदानी इलाकों में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए मकान के लिए 1.20 लाख रुपये व पहाड़ी क्षेत्र के लिए 1.30 लाख रुपये देगी। मकानों को अगर 15 फीसदी तक नुकसान पहुंचा है तो पक्के मकान के लिए दस हजार व कच्चे मकान के लिए पांच हजार रुपये मिलेगा।
एसडीएम ने कहा कि मकानों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण एवं रिपोर्ट तैयार करने का कार्य शीघ्र व पारदर्शी तरीके से करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी को बर्दाश्त नहीं की जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों के अनुसार टीमें गांव-गांव जाकर नुकसान का सही आकलन करें और वास्तविक आंकड़े जुटाएं। ताकि प्रभावित परिवारों को राहत योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में तहसीलदार अनिल कुमार बिढान, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अशोक कुमार व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।