अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन बेहद सुरक्षित है। इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं है। अब इसके साथ वीवीपैट मशीन भी जोड़ दी गई है। मतदाता मतदान के बाद सात सेकेंड तक वीवीपैट मशीन पर अपने डाले गए वोट का विवरण देख सकता है। यह बात चुनाव आयोग के नेशनल मास्टर ट्रेनर एवं एसडीएम शाहाबाद सुशील कुमार ने कही। वे वीरवार को जिला प्रशासनिक भवन के सभागार में हिसार मंडल के चार जिलों के अधिकारियों की चुनाव प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने विधानसभा व लोकसभा चुनाव के दौरान किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की अधिकारियों व कर्मचारियों को जानकारी दी। कार्यशाला में चारों जिलों के 20 विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की हिदायतों अनुसार ग्रामीण क्षेत्र के मतदान केंद्र पर 1200 मतदाता व शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्र पर अधिकतम 1400 मतदाता मतदान कर सकेंगे। सभी मतदान केंद्रों एवं संबंधित गांव का मानचित्र तैयार होना चाहिए, जिसमें मतदान केंद्रों व रास्तों को भी दर्शाया गया हो। सुशील कुमार ने चुनाव प्रक्रिया से संबंधित जिला चुनाव प्रबंधन योजना एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने बारे जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला चुनाव प्रबंधन योजना के तहत पोलिंग स्टेशनों की संख्या व स्थिति की जानकारी हासिल करना, चुनाव प्रक्रिया में जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या एवं उचित प्रशिक्षण देना, चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रभावी कम्युनिकेशन प्लान तैयार करना ताकि चुनाव के दौरान विभिन्न अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच उचित तालमेल के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान भी समय रहते हो सके।
चार ऑब्जर्वर लगाए जाएंगे
मास्टर ट्रेनर ने बताया कि इस बार तीन की बजाय चार चुनाव ऑब्जर्वर लगाए जाएंगे। पहला ऑब्जर्वर स्वीप के लिए लगाया जाएगा, जो मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल होने एवं मतदान करने बारे जागरूक करेगा। दूसरा ऑब्जर्वर चुनाव के दौरान चुनाव आचार संहिता के लिए होगा। तीसरा ऑब्जर्वर चुनाव के दौरान चुनाव प्रत्याशियों द्वारा किए जा रहे खर्चे पर निगरानी रखेगा। चौथा ऑब्जर्वर चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था पर निगरानी रखेगा। इस अवसर पर चुनाव नायब तहसीलदार हनुमान दास, चुनाव कानूनगो रीना व स्नेह जांगड़ा सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद थे।