अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। छात्र संघ चुनाव को लेकर नामांकन के पहले ही दिन यूनिवर्सिटी से लेकर कॉलेज तक चुनावी अखाड़ा बन गए। कहीं कक्षाओं का बहिष्कार करवा दिया गया तो कहीं प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी से माहौल गर्मा गया। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में एबीवीपी को छोड़कर अन्य सभी संगठनों ने एक साथ आकर कक्षाओं को खाली करवा दिया और इसके बाद वीसी कार्यालय का घेराव करने पहुंच गए। करीब 500 विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल बुला लिया। हंगामा कर रहे करीब 20 छात्र नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और आधे घंटे बाद सिरसा रोड पर छोड़ दिया। हालांकि वीसी ने उनकी मांगों को प्रदेश सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। वहीं, हिसार शहर के शिक्षण संस्थानों में 447 विद्यार्थियों ने नामांकन दाखिल किया। जाट कॉलेज में शनिवार को भी नामांकन प्रक्रिया चलेगी।
कुलपति कार्यालय में घुसने को लेकर हुई धक्का-मुक्की
जीजेयू वीसी प्रो. टंकेश्वर कुमार के कार्यालय पर पहुंचे इनसो, एनएसयूआई, एचएसओ, डॉ. आंबेडकर स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के कार्यकर्ता वीसी से मिलने की मांग करते रहे। करीब 20 मिनट तक प्रदर्शन करते रहे कुछ छात्रों ने कार्यालय के अंदर घुसने का प्रयास किया तो इस दौरान उनकी कर्मचारियों से धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को संभालने के लिए सिटी थाना प्रभारी मंदीप सांगवान और उनकी टीम ने छात्र नेता प्रदीप कोहली, हरेंद्र बैनीवाल, रवि गुज्जर, मोहन कुमार सहित 20 छात्र नेताओं को हिरासत में लिया। तब जाकर माहौल शांत हो पाया।
डीएन कॉलेज और सीआर लॉ कॉलेज में हुई तालाबंदी
इसके अलावा डीएन कॉलेज और सीआर लॉ कॉलेज में भी छात्र संगठनों की ओर से तालाबंदी की गई। एनएसयूआई और इनसो कार्यकर्ताओं ने यहां पहुंच कर अप्रत्यक्ष की बजाय प्रत्यक्ष चुनाव करवाए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्र संगठनों ने प्राचार्य कार्यालय पर भी नारेबाजी की। इसके बाद गेट पर ताला लगाकर रोष जताया गया। कॉलेज प्रशासन की तरफ से पुलिस को मौके पर बुलाया गया। काफी देर हंगामा करने के बाद छात्र नेताओं को शांत कर गेट खुलवाया गया।
आज होगी छंटनी
जीजेयू में शुक्रवार को नामांकन फार्म लिए गए हैं। अब शनिवार को इन नामांकन फार्मों की छंटनी होगी। अगर किसी के फार्म में त्रुटियां होंगी, तो उस नामांकन को रद्द कर दिया जाएगा। हालांकि जाट कॉलेज में शनिवार को भी नामांकन फार्म लिए जाएंगे क्योंकि शुक्रवार को यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। इसके बाद 17 अक्तूबर को चुनाव करवाए जाएंगे।
:: 22 साल बाद छात्र संगठन चुनावों के रूप में लोकतांत्रिक उत्सव शुरू हुआ है। इसलिए हम बहिष्कार करने की बजाय इसमें भागीदार बनन रहे हैं। इनसो, एनएसयूआई जैसे अन्य संगठनों के पास कैंपस में सीआर खड़े करने के लिए विद्यार्थी नहीं है। उन लोगों ने कभी कैंपस में रहकर विद्यार्थी हित के लिए कार्य नहीं किया। इन लोगों ने सदैव राजनीतिक आकाओं के नारे ही लगवाए हैं। इसलिए वे चुनाव का बहिष्कार करके ढोंग रच रहे हैं।
मनोज भार्गव, विभाग संयोजक, एबीवीपी
:: जीजेयू के वीसी ने गले में आरएसएस का पट्टा पहन रखा है। जैसे उन्हें निर्देश मिलता है, वह वैसा ही व्यवहार छात्रों के साथ कर रहे हैं। तुगलकी फरमान जारी कर विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। पूरे देश में लिंगदोह कमेटी की सिफारिश के अनुसार प्रत्यक्ष चुनाव हो रहे हैं फिर हरियाणा में क्या दिक्कत है। सीआर के नामांकन फार्म में संगठन का नाम ही नहीं है। इस तरह तो वीसी या प्रिंसिपल किसी भी जीते हुए कंडीडेट को धमकाकर सरकार हितैषी संगठन का बता देंगे।
हरेंद्र बैनीवाल, जीजेेयू अध्यक्ष, इनसो
:: जीजेयू में हम लोग प्रत्यक्ष चुनाव करवाने की मांग कर रहे थे। मगर पुलिस बुलाकर हमें हिरासत में भिजवा दिया गया। वीसी को जब खुद अपने स्तर पर सब कुछ करना है तो फिर वह बार-बार प्रदेश सरकार तक मांग भिजवाने की बात क्यों कह रहे हैं, यह भी समझ से परे हैं। छात्र संघ चुनाव को लेकर सरकार की नीयत साफ नहीं है।
प्रदीप कोहली, प्रभारी, एनएसयूआई
:: एबीवीपी हो या इनसो या कोई अन्य संगठन, किसी को भी छात्र संघ चुनाव में भाग लेने की अनुमति नहीं है। इसलिए ये लोग हंगामा कर रहे हैं। हमारी तरफ से कोई दिक्कत नहीं है। नामांकन फार्म लिए जा चुके हैं। शनिवार को छंटनी होगी। जीजेयू के इतिहास में पहली बार विद्यार्थी चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे।
प्रो. टंकेश्वर कुमार, कुलपति, जीजेयू
संस्थान सीआर नामांकन आए
जीजेयू 96 96
गवर्नमेंट कॉलेज, हिसार 43 87
डीएन कॉलेज, हिसार 40 63
जाट कॉलेज, हिसार 34 11
एफसी कॉलेज, हिसार 22 52
गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज, हिसार 16 43
इंपीरियल कॉलेज, हिसार 16 30
गवर्नमेंट कॉलेज, बरवाला 12 45
सीआर लॉ कॉलेज, हिसार 08 20