अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हिसार के अतिरिक्त उपायुक्त एवं आरटीए एएस मान ने कहा कि बसों के टाइम टेबल की समस्या का 25 सितंबर तक समाधान कर दिया जाएगा। इसके बाद रोडवेज कर्मचारी यूनियनों ने 22 सितंबर का चक्का जाम स्थगित कर दिया है। रोडवेज यूनियनों व निजी बस ऑपरेटर्स के साथ आरटीए ने अलग-अलग बातचीत की।
एडीसी एएस मान ने बृहस्पतिवार को रोडवेज तालमेल कमेटी के सदस्यों से मीटिंग की। इसमें कमेटी के सदस्य दलबीर किरमारा, रमेश सैनी, राजपाल नैन, रामसिंह बिश्नोई, बहादुर संडवा, कुलदीप पाबड़ा, धर्मपाल बूरा, सतपाल डाबला, रमेश माल, कीमत ढांडा, अजमेर सावंत, अरुण शर्मा, महेंद्र माटा, दर्शन जांगड़ा, देवेंद्र सिंह, सुखबीर सोनी, रमेश श्योकंद, विजय सिवाच, कुलदीप कुंडू शामिल थे।
यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने बस के टाइम टेबल को चल रहे विवाद की जानकारी देते हुए कहा कि सभी महत्वपूर्ण टाइम पर निजी ऑपरेटर्स ने कब्जा कर लिया है। इन ऑपरेटर्स की ओर से बस अड्डे पर मनमानी की जा रही है। यही मनमानी रही तो रोडवेज घाटे में जाएगा। टाइम टेबल रोडवेज कर्मचारियों की सहमति से तैयार किया जाए। इसके बाद एडीसी ने निजी ऑपरेटर्स के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी राय भी जानी। रोडवेज महाप्रबंधक और अन्य अधिकारियों के साथ अलग से मीटिंग की।
दोनों पक्षों से बातचीत कर उनकी राय ली है। चंडीगढ़ रूट को लेकर चल रहे विवाद को सोमवार तक समाप्त कर दिया जाएगा। जल्द ही नया टाइम टेबल तय कर दिया जाएगा। अन्य रूट पर भी जल्द ही समाधान निकालेंगे।
केएम कौशल, जीएम रोडवेज हिसार
रोडवेज के टाइम टेबल की प्रॉब्लम को हल करने के लिए मीटिंग बुलाई थी। दोनों पक्षों के अलावा रोडवेज अधिकारियों के सुझाव भी लिए गए हैं। जीएम रोडवेज की राय भी जानी है। सोमवार तक आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
एएस मान, एडीसी एवं आरटीए हिसार