अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
प्रदेश के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए डी प्लान के बजट का रिव्यू किया। प्रदेश में करीब 120 करोड़ के बजट पर सभी जिलों से हिसाब मांगा। डी प्लान का बजट खर्च करने में झज्जर जिला सबसे आगे रहा।
डी प्लान के तहत प्रदेश में अप्रैल में करीब 120 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया था। पहली तिमाही पूरी होने के बाद वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने मंगलवार को रिव्यू मीटिंग की, जिसमें सभी जिला अधिकारियों से ब्योरा मांगा, जिसमें सभी जिले के डीसी, एडीसी, जिला योजना अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया। वित्तमंत्री ने जिला वाइज सभी से ब्योरा मांगा, जिसमें झज्जर जिले में सबसे अधिक बजट खर्च किया गया। यहां कुल दिए गए बजट का करीब 85 प्रतिशत हिस्सा खर्च कर लिया गया है। सोनीपत जिले में 62 प्रतिशत और रोहतक में 41 प्रतिशत बजट खर्च किया गया है। कुल 21 जिलों में यमुनानगर सबसे फिसड्डी रहा। यहां महज एक प्रतिशत बजट भी खर्च नहीं हो सका। पूरे प्रदेश में कुल 120 करोड़ में से 41 करोड़ 98 लाख रुपये खर्च किया जा चुका है। औसतन 21 प्रतिशत बजट खर्च कर लिया गया है। बजट की बात करें तो सबसे अधिक बजट फरीदाबाद जिले को 8.56 करोड़ रुपये मिले थे। दूसरा नंबर हिसार में 8 करोड़ 25 लाख रुपये का बजट वितरित हुआ था। वित्तमंत्री ने सभी अधिकारियों को बजट जल्द खर्च करने के निर्देश दिए, जिससे डी प्लान के तहत दूसरी ग्रांट दी जा सके।
खर्च करने में जिला अनुसार रैंकिंग
जिला ------ बजट अलॉट --------- खर्च प्रतिशत ----------- रैंकिंग
झज्जर-----4.53 करोड़ ---------- 85 ----------------1
सोनीपत-----6.86 करोड़------------62------------------2
रोहतक------5.02 करोड़------------41 ----------------3
भिवानी------7.73 करोड़------------34-----------------4
रेवाड़ी------4.26 करोड़--------------33-----------------5
पानीपत----5.70 करोड़------------32-------------------6
कुरुक्षेत्र------4.56 करोड़------------31-----------------7
पलवल--------4.93 करोड़---------30----------------8
सिरसा---------6.13 करोड़---------29--------------9
पंचकूला--------2.65 करोड़-------17---------------10
मेवात--------5.15 करोड़----------17--------------11
हिसार--------8.25 करोड़---------16---------------12
कैथल---------5.08 करोड़----------12--------------13
करनाल-------7.12 करोड़----------9-----------------14
महेंद्रगढ़-------4.36 करोड़--------5-------------------15
यमुनानगर------5.74 करोड़--------1-------------------16
पांच जिलों के रिकॉर्ड अपडेट नहीं
अंबाला, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम और जींद के आंकडे़ अपडेट नहीं हो सके। यहां अधिकारियों की ओर से रिपोर्ट कंपाइल की जा रही है। इन सभी जिलों को भी काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
मंगलवार को वित्तमंत्री ने डी प्लान को लेकर रिव्यू किया था। इसमें हिसार जिले में काफी तेजी से काम चल रहे हैं। जल्द ही जिले को दूसरी ग्रांट मिलेगी। प्रदेश में ओवरऑल करीब 21 प्रतिशत बजट खर्च हो चुुका है।
- एएस मान, एडीसी हिसार
-डी प्लान के 120 करोड़ के बजट का वित्तमंत्री ने लिया हिसाब
- वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी जिला अधिकारियों से ली प्रोग्रेस रिपोर्ट
- पहली तिमाही में करीब 41 करोड़ रुपये खर्च
डी प्लान का बजट खर्च करने में झज्जर जिला सबसे आगे रहा