हिसार। स्वास्थ्य विभाग ने 17 से 24 नवंबर तक आयुष्मान योजना के तहत विशेष सर्जिकल अभियान चलाया, जिसमें मरीजों के कैशलेस ऑपरेशन किए गए। योजना की नोडल अधिकारी डॉ. अनामिका बिश्नोई ने बताया कि अभियान के दौरान 303 ऑपरेशन हुए, जिनमें 253 बड़े और 50 छोटे ऑपरेशन शामिल थे।
नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार के अनुसार, इनमें 54 नेत्र रोगियों के ऑपरेशन किए गए। मरीज मुख्य रूप से मोतियाबिंद, नाखूना और मुड़ी पलकों की समस्या से ग्रस्त थे। वहीं, एनसीडी प्रभारी डॉ. नीरू गुप्ता ने बताया कि गीता जयंती कार्यक्रम के तहत राजगढ़ रोड स्थित कबीर छात्रावास परिसर में 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक तीन दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा।
इसके अलावा, सिविल अस्पताल के आयुष विभाग की ओर से शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें डॉ. सुखबीर वर्मा मरीजों को विशेष चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगे। शिविर में मरीज निःशुल्क जांच करवाकर आयुर्वेद व पंचकर्म आधारित उपचार संबंधी जानकारी ले सकेंगे।
डॉ. सुखबीर ने बताया कि सर्दी के मौसम में जोड़ों के दर्द की समस्या बढ़ जाती है, इसलिए समय पर उपचार करवाना जरूरी है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए शिविर आयुर्वेद और पंचकर्म उपचारों के लिए समर्पित रहेगा।