हिसार। जिले में लगातर तीसरे दिन कोरोना से एक मरीज की मौत हो गई। इसके अलावा आठ विद्यार्थियों सहित 30 नए कोरोना केस भी मिले हैं। इस साल में दूसरी बार ऐसा हुआ है, जब 30 या इससे ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इससे पहले 26 मार्च को 35 केस मिले थे। उधर बढ़ते कोरोना केस को देखते हुए विभाग की तरफ से शुक्रवार को कंटेनमेंट जोन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार छोटू राम कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला 28 मार्च को संक्रमित मिली थी। शहर के गीतांजलि अस्पताल में महिला का उपचार चल रहा था, जहां पर वीरवार को उसकी मौत हो गई। कोरोना के अलावा मृतका हेपेटाइटिस सी, निमोनिया सहित अन्य बीमारियों से ग्रस्त थी।
ये मिले संक्रमित
डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल के अनुसार संक्रमितों में आजाद नगर का बुजुर्ग, सेक्टर 14 निवासी गोरखपुर का वैज्ञानिक अधिकारी, हांसी के मुल्तान कॉलोनी की बुजुर्ग महिला, खेदड़ के थर्मल प्लांट का चीफ व फोरमैन, भेड़ फार्म हांसी का कर्मी, मिर्चपुर का किसान, सेक्टर 14 का बुजुर्ग, गंगवा की बुजुर्ग महिला, उकलाना की घरेलू कामकाज करने वाली महिला व छात्र, बास का छात्र, सिंधड़ का छात्र, उमरा का छात्र, अर्बन एस्टेट 2 की दो महिलाएं, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की दो छात्राएं, नंगथला का छात्र, गोरछी की छात्रा, सेक्टर 15 व 13 की दो बुजुर्ग महिला, सेक्टर 16-17 का बेलदार, सिंघवा खास का कर्मी, भेरियां की बुजुर्ग महिला, सेक्टर 14 के दो बुजुर्ग, सेक्टर 9-11 का सेवानिवृत्त कर्मी और आजाद नगर की घरेलू कामकाज करने वाली महिला शामिल है।
ज्यादा जगहों से नहीं हो रहे सैंपल
जानकारी के अनुसार जिन जगहों से इस समय संक्रमित मरीज मिल रहे है, उनमें ज्यादातर जगहों से कोरोना मरीजों के संपर्क में आए लोगों के सैंपल नहीं हो पा रहे हैं। कुछ जगहों पर तो लोग खुद सैंपल देने से भी मना कर देते हैं या सही तरह से अपनी संपर्क हिस्ट्री नहीं बताते हैं।
संक्रमित के घर के आसपास बनाया जाएगा कंटेनमेंट जोन
अब स्वास्थ्य विभाग ने कंटेनमेंट जोन बनाने शुरू कर दिए गए है। वीरवार को जिन जगहों से कोरोना केस मिले है, उन जगहों पर शुक्रवार से कंटेनमेंट जोन बनाए जाएंगे। अभी शुरूआत में केवल संक्रमित के घर के आसपास के दो से तीन घरों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया जाएगा। यदि इसके बावजूद भी लोग लापरवाही बरतेंगे तो दायरे को बढ़ाया जा सकता है।
कंटेनमेंट जोन बनाने शुरू कर दिए हैं
कंटेनमेंट जोन बनाने शुरू कर दिए गए हैं, जो शुक्रवार से लागू होंगे। कुछ लोग मना करते है, लेकिन उन्हें जागरूक किया जाता है। टीटीसी की ओर से पहले मना किया गया था, लेकिन उनके एचओडी से बातचीत कर सैंपलिंग करवा ली गई थी। बाकी सभी जगहों से सैपल करवाए जा रहे हैं।
डॉ. जया गोयल, डिप्टी सीएमओ, हिसार।