हांसी। ड्यूटी के दौरान नाकों पर तैनात पुलिसकर्मी शराब के नशे में व सोए हुए मिलने पर हांसी के पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने तीन एसपीओ को सेवा से बर्खास्त किया। वहीं एक ईएसआई व तीन ईएचसी को लाइन हाजिर कर उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए। पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे दो नाकों पर निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक को जांच के दौरान राजथल नाका पर तैनात हवलदार यशवंत, हवलदार सुरेंद्र व एसपीओ चमनलाल सोए हुए मिले। इनको जगाया गया तो एसपीओ चमनलाल के मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। वहीं जींद रोड नाका पर सुबह करीब 5 बजे जांच की तो नाके पर तैनात कर्मचारी ईएसआई सूरजभान, हवलदार जोगिंद्र, एसपीओ रामनिवास, एसपीओ ईश्वर नाके पर उपस्थित नहीं मिले। जांच के दौरान पता चला की वह सभी नाके के पास बने कमरे में सो रहे थे। इनको जगाया गया तो एसपीओ ईश्वर के मुंह से शराब की बदबू आ रही थी।
-
ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता व लापरवाही बरतने पर ईएसआई सूरजभान, ईएचसी जोगिन्द्र, यशवंत व सुरेंद्र को तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच की जाएगी। एसपीओ रामनिवास, ईश्वर व चमनलाल को तुरंत प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। सभी थाना प्रभारियों व चौकी इंचार्जों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्र में आने वाले नाके, पीसीआर व राइडर पर निरंतर जांच करेंगे। अगर जांच के दौरान कोई कर्मचारी शराब का सेवन या गैर हाजिर मिलता है तो उसके खिलाफ तुरंत विभागीय कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगें।
- अमित यशवर्धन, पुलिस अधीक्षक, हांसी।