हिसार। जिला शिक्षा अधिकारी ने छह सदस्यीय कमेटी गठित कर मंगलवार को छह निजी स्कूलों और बसों को जांचा। इनमें तीन स्कूलों में कक्षा आठ से नीचे की कक्षाएं चल रही थीं।
इसके अलावा शिक्षा विभाग ने कैमरी रोड से गुजर रही एक निजी स्कूल बस को रोककर विद्यार्थियों के बैग चेक किए, जिसमें निजी प्रकाशकों की पुस्तकें लगवाने व कक्षाएं लगने की पुष्टि हुई। नियमों की अवहेलना देख जिला शिक्षा अधिकारी ने मौके पर ही चारों निजी स्कूल संचालकों को नोटिस भेज दिया और जल्द ही अपना पक्ष रखने के आदेश जारी किए। अगर उन्होंने अपना पक्ष नहीं दिया तो मान्यता रद्द करने की सिफारिश मुख्यालय को भेजी जाएगी।
आननफानन कक्षा छोड़ भागे शिक्षक, टीम ने किए बैग चेक
शिक्षा विभाग की टीम जब निजी स्कूलों में पहुंची तो पहली से 8वीं कक्षाएं लग रही थीं। शोरशराबा देख कक्षा के अंदर पढ़ा रहे शिक्षक कक्षा छोड़कर निकल गए। इसके बाद टीम ने विद्यार्थियों के बैग चेक किए, जिसमें पहली से आठवीं कक्षा की पुस्तकें मिलीं। तब तक निजी स्कूल मुखिया भी वहां पहुंच चुके थे, लेकिन किसी के पास भी इस संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिसके बाद टीम ने चारों स्कूल संचालकों को नोटिस जारी कर दिए।
बुधवार को भी खुले कई निजी स्कूल
डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती की सरकारी छुट्टी होने के बावजूद भी बुधवार को कई निजी स्कूल खुले दिखाई दिए। सेक्टर-14 में तीन निजी स्कूल व राजगढ़ रोड सहित न्यू मॉडल टाउन में कई निजी स्कूल खुले थे। शिक्षा निदेशालय की ओर से सख्त आदेश हैं कि निजी स्कूल संचालक अगर सरकारी छुट्टी घोषित होने के बावजूद भी स्कूल खोलते हैं तो ऐसे स्कूलों पर एक लाख रुपये जुर्माना व मान्यता रद्द की जा सकती है।
चार स्कूल संचालकों को नोटिस भेजा है
कुल छह निजी स्कूलों को चेक किया गया था, जिनमें तीन स्कूलों में पहली से 8वीं तक की कक्षा लगी मिली। एक अन्य स्कूल में निजी प्रकाशक की पुस्तकें लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद चारों स्कूल संचालकों को नोटिस भेजा गया है।
- कुलदीप सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी, हिसार।