सैंपल लेने के लिए मकान के बाहर खड़ीं दंत चिकित्सक डॉ. संध्या सचदेवा और उनके साथ मौजूद पुलिस।
- फोटो : Hisar
हिसार। जिले में लगातार 3 दिन कोरोना केस बढ़ने के साथ-साथ कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। वीरवार को भी 24 घंटे के अंतराल में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज और जिला नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में उपचार के दौरान तीन लोगों की कोरोना से मौत हो गई है, जिनमें दो बुजुर्ग और एक अधेड़ शामिल है।
इनमें एक मृतक बिठमड़ा गांव का व दूसरा शहर की फ्रेंड कॉलोनी और तीसरी मृतक बुजुर्ग महिला हांसी के उत्तम नगर की रहने वाली थी। विभाग ने तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार करवा दिया है। विभाग की टीम तीनों मृतकों के संपर्क में आए लोगों की हिस्ट्री जुटाने में लगी है। उधर जिले में कोविड-19 टेस्ट के लिए कोविड-19 घोषित दो अग्रोहा और एनआरसीई लैब और प्राइवेट लैब के अलावा रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से जांच के दौरान 92 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 81 जिले के और 11 अन्य जिलों के निवासी हैं। अब जिले में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 2645 पर जा पहुंचा है।
विभाग के अनुसार योग आश्रम के नजदीकी बिठमड़ा गांव निवासी 45 वर्षीय मृतक व्यक्ति मजदूरी का काम करता था और जिसे 2 दिनों से बुखार की शिकायत थी। इस वजह से 25 अगस्त को रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से जांच के दौरान संक्रमित मिला था। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया था, जहां पर उसकी मौत हो गई। शहर की फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग रिटायर्ड कर्मचारी था, जिसे बुखार व बलगम की शिकायत थी। इसके अलावा बुजुर्ग की किडनी ट्रांसप्लांट भी हुई थी। जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड से बुजुर्ग की रैपिड किट से जांच की गई थी, जिसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। हांसी उत्तम नगर की रहने वाली 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला 24 अगस्त को रैपिड किट से संक्रमित मिली थी, जिसे शुगर, बीपी व खांसी के साथ साथ सांस की तकलीफ थी। गंभीर हालत के चलते विभाग द्वारा उसे मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया था, जहां पर उसकी मौत हो गई।
सैंपल लेने पहुंची विभाग की टीम तो संक्रमित के परिजन हुए फरार
बरवाला क्षेत्र में गैबीपुर के नजदीकी ढाणी बिश्नोईयान में कुछ दिन पहले एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला था। इस बीच संक्रमित के परिजनों सहित करीब 12 लोग उसके संपर्क में आए हुए थे। इसके बाद इन सभी लोगों के सैंपल लेने के लिए विभाग की टीम वीरवार को पुलिस के साथ संक्रमित के घर पहुंची। मगर यह पता चलने ही संक्रमित के सभी परिजन मकान के दरवाजे बंद कर वहां से फरार हो गए। पुलिस और विभाग की टीम ने उन सभी लोगों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। करीब 3 घंटे तक इंतजार के बाद भी बिना सैंपल लिए टीम को लौटना पड़ा। मगर टीम के लौटने के कुछ देर बाद संक्रमित के कुछ परिजन विभाग और पुलिस के पास पहुंचे और कहा कि शुक्रवार सुबह वे सभी अपना टेस्ट करवाएंगे।