हिसार। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पिछले एक सप्ताह में शराब पीकर वाहन चलाने के 29 मामलों में चालान किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता विकास ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने जिले के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, हाईवे और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से जांच में 29 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।