हरियाणा के कृषि व विकास एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि हमारी गांव और पंचायतें हमारे गौरव का आधार हैं। विश्व स्तर की खेल प्रतिभाएं, खाने को अन्न और देश की रक्षा के लिए सर्वाधिक सैनिक ग्रामीण अंचल से ही मिलते हैं, जिसके कारण अपने गांवों पर हम सबको गर्व करना चाहिए। समारोह में हिसार जिले की 24 पंचायतों को फोर स्टार पुरस्कार दिए गए।
धनखड़ सोमवार को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में क्षेत्र स्तरीय सेवन स्टार इंद्रधनुष योजना के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि पांच जिलों के पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अलग-अलग श्रेणियों में स्टार हासिल करने वाली हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, जींद व कैथल जिलों की 888 ग्राम पंचायतों को 84 करोड़ रुपये के पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान डॉक्यूमेंटरी फिल्में दिखाकर सेवन स्टार इंद्रधनुष के कारण गांवों में आ रहे बदलाव की तस्वीर भी दिखाई गई।
3604 पंचायतों में एक भी बच्चा स्कूल से ड्रॉप आउट नहीं
पंचायत मंत्री ने कहा कि इस बार प्रदेश की 63 प्रतिशत पंचायतों ने अलग-अलग क्षेत्रों में स्टार प्राप्त किए हैं। हमने पंचायतों को अपने स्तर पर 20 लाख तक के विकास कार्य करवाने के अधिकार दिए हैं और हमारे भरोसे का मान रखते हुए पंचायतों ने बेहतर काम करके दिखाए हैं। आज हरियाणा की 3604 पंचायतें ऐसी हैं, जहां एक भी बच्चा स्कूल से ड्रॉप आउट नहीं है, 2312 गांवों में एक भी मुकदमा नहीं है, 1108 गांवों ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया गया है और 465 गांवों में बेटियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि हम गांवों को डिजिटल साक्षर बनाने की दिशा में गंभीर प्रयास कर रहे हैं और भविष्य में इस विषय पर भी गांवों को स्टार प्रदान किए जाएंगे।
गांवों में जाता हूं तो फर्क साफ नजर आता है : बृजेंद्र
हिसार के सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि अब गांवों में जाता हूं तो फर्क साफ नजर आता है। अब गांवों के विकास की कमान युवा जन प्रतिनिधियों के हाथों में आई है, जिससे तेज बदलाव होता साफ दिखता है। सिरसा सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि पिछले पांच साल से राजनीतिक स्तर पर प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री व पंच-सरपंचों तक सभी में कुछ नया करने की ललक पैदा हुई है, जिससे पूरे देश में बदलाव की बयार चल रही है। रणबीर गंगवा ने कहा कि जब गांव स्वच्छ व सुंदर होंगे और यहां मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी तो शहरों की ओर बढ़ता पलायन रुकेगा। समारोह में जिला परिषद चेयरमैन ब्रह्मदेव स्याहड़वा, उपायुक्त अशोक कुमार मीणा, अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह, पंचायत विभाग के संयुक्त निदेशक सुमित कुमार, सीटीएम अश्वीर सिंह व पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीएस सिंधु आदि मौजूद रहे।
हिसार जिले की 63 पंचायतों को थ्री स्टार पुरस्कार दिए
पंचायत विभाग के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल ने बताया कि प्रत्येक स्टार पर एक-एक लाख रुपये, जबकि लिंगानुपात व स्वच्छता के क्षेत्र में प्रत्येक स्टार पर डेढ़ लाख का पुरस्कार दिया जा रहा है। हिसार जिले की 24 पंचायतों को फोर स्टार, 63 पंचायतों को थ्री स्टार, 102 पंचायतों को डबल स्टार व 53 पंचायतों को सिंगल स्टार पुरस्कार दिए गए।
सिरसा जिले की आठ पंचायतों को फोर स्टार पुरस्कार मिले
सिरसा जिले की आठ पंचायतों को फोर स्टार, 16 पंचायतों को थ्री स्टार, 57 पंचायतों को डबल स्टार व 105 पंचायतों को सिंगल स्टार पुरस्कार प्रदान किए गए।
जींद जिले की 16 पंचायतों को फोर स्टार पुरस्कार मिले
जींद जिले की 16 पंचायतों को फोर स्टार, 33 पंचायतों को थ्री स्टार, 59 पंचायतों को डबल स्टार व 50 पंचायतों को सिंगल स्टार पुरस्कार प्रदान किए गए।
कैथल जिले की 10 पंचायतों को थ्री स्टार मिले
कैथल जिले की 10 पंचायतों को थ्री स्टार, 71 पंचायतों को डबल स्टार व 78 पंचायतों को सिंगल स्टार पुरस्कार प्रदान किए गए।
फतेहाबाद जिले की छह पंचायतों को फोर स्टार मिले
फतेहाबाद जिले की छह पंचायतों को फोर स्टार, 19 पंचायतों को थ्री स्टार, 42 पंचायतों को डबल स्टार व 76 पंचायतों को सिंगल स्टार पुरस्कार प्रदान किए गए।