हिसार। जिले में शुक्रवार को एएनएम, वकील, बैंक कर्मचारी सहित 23 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा भी 16871 हो गया है। अब तक जिले के 16319 मरीज कोरोना की जंग जीत कर घर लौट चुके हैं। अब केवल 239 एक्टिव केस है। ऐसे में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट बढ़कर 96.73 हो गया है।
ये मिले संक्रमित
उप सिविल सर्जन डॉ. जया गोयल के अनुसार देर शाम को आई रिपोर्ट में लघु सचिवालय एरिया निवासी व्यवसायी और उसकी एक वर्षीय बेटी, एचएयू के न्यू कैंपस एरिया निवासी सहायक प्रोफेसर, खेदड़ पावर प्लांट का कर्मचारी, जेवरा गांव की एएनएम, अर्बन एस्टेट टू निवासी वकील, एक निजी अस्पताल का कर्मचारी, श्यामसुख गांव निवासी 16 वर्षीय छात्रा, इंडियन बैंक का कर्मचारी, ऋषि नगर निवासी व्यवसायी, मेडिकल कॉलेज की स्टाफ नर्स, दो घरेलू कामकाज करने वाली महिलाएं और चार बुजुर्गों सहित अन्य लोग शामिल हैं। इसके अलावा दो मरीजों ऐसे मिले है, जिनका विभाग को अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
विदेश से आए ज्यादातर लोगों को किया ट्रेस
इधर, विदेश से आए ज्यादातर लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा ट्रेस कर लिया गया है। इस दौरान सभी लोगों को डॉक्टर से जांच करवाने और कोविड-19 टेस्ट करवाने के निर्देश दिए हैं। नोडल अधिकारी डॉ. रमेश पूनिया ने बताया कि फिलहाल इन सभी को आइसोलेट किया गया है, जिसका पीरियड समय 28 दिन का है। तब तक विभाग इन पर नजर भी रखेगा। इस बीच इन सभी लोगों से हिस्ट्री जुटाकर रिपोर्ट फाइल तैयार की जा रही है। इन सभी लोगों के रैपिड किट से जांच की बजाय आरटीपीसीआर सैंपल लिए जाएंगे। वहीं शुक्रवार को विदेश से आए 32 लोगों के सैंपल लिए गए।