बरवाला (हिसार)। बाईपास पर जींद मार्ग के निकट कार के सामने लावारिस पशु आने से पलटी कार में सवार गांव मंगाली निवासी 23 वर्षीय सुनील की मौत हो गई, जबकि उसके तीन-चार अन्य साथी घायल हो गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव मंगाली निवासी सुनील अपने साथियों के साथ पिंजौर में एचएसएससी द्वारा करवाई जा रही ग्रुप डी की परीक्षा देकर कार में सवार होकर गांव लौट रहा था। बरवाला बाईपास पर कार जब जींद मार्ग के पास पहुंची तो गाड़ी के सामने लावारिस पशु आ गया, जिससे टकराने के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी पलटकर सड़क से नीचे गड्ढों में जा गिरी। हादसे में सुनील व उसके अन्य साथी घायल हो गए। राहगीरों की सहायता से सभी घायलों को सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया।
एक माह में चली गईं तीन पीढ़ी
बता दें कि सुनील के पिता का पिछले माह निधन हो गया था। उसके दादा के निधन को भी अभी मात्र 18 दिन ही हुए हैं। रविवार को सुनील भी हादसे का शिकार हो गया। ऐसे में इस परिवार की तीन पीढ़ियां मात्र एक माह के अंदर मौत के मुंह में समा गई। परिवार के इकलौते बेटे सुनील की मौत के बाद परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस परिवार में हुई मौतों पर ग्रामीण भी सकते में हैं और रविवार को सुनील की मौत के बाद पूरे गांव में चूल्हा तक नहीं जला।