अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जीएसटी लागू होने के पहले दिन बाजार में मंदी का असर दिखा। इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन, ज्वेलरी सहित अन्य कारोबार लगभग बंद जैसे हालात में रहे। पहले दिन लोगों को गैस सिलेंडर, खाद, घी पर जीएसटी का भार चुकाना पड़ा।
जीएसटी के बाद पहले दिन बाजार सुस्त दिखाई दिए। खासतौर पर इलेक्ट्रॉनिक बाजार में चहल-पहल नहीं थी। जीएसटी लागू होने के बाद टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एयर कंडीशन के दाम में बढ़ोतरी हो गई है। जिस कारण पहले दिन खरीद-फरोख्त न के बराबर रही। महिलाओं ने सोना खरीदने में भी परहेज दिखाया। सोने पर भी टैक्स बढ़ाया गया है। जीएसटी लागू होने पर सबसे पहले लोगों को गैस में कीमत चुकानी पड़ी। एलपीजी के सिलेंडर पर लोगों को 12 रुपये ज्यादा चुकाने पड़े। अब लोगों को 582 रुपये चुकाने पड़े, जिसमें 102 रुपये वापस खाते में आएंगे। गैस सिलेंडर को लेकर एजेंसियों पर दिक्कत भी रही। कुछ एजेंसियों पर नए रेट नहीं आए थे। इस कारण इन एजेंसियों ने सिलेंडर देने से इनकार कर दिया। लोगों को सोमवार को गैस आपूर्ति बहाली की बात की। कुछ एजेंसी ने सिलेंडर 12 रुपये रेट बढ़ाकर दिए।
एलईडी, फ्रिज, एसी के दाम बढे़... खरीदार आए नहीं
डिंपल इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक डिंपल सोनी ने बताया कि एयर कंडीशनर पर करीब दो हजार रुपये बढ़ गए हैं। फ्रिज पर साइज के अनुसार एक से दो हजार की बढ़ोतरी आई है। एलईडी पर 1500 से लेकर 3000 रुपये तक दाम बढ़ गए हैं। जीएसटी लागू होने के बाद पहले दिन कारोबार बेहद कम रहा।
घी को लेकर अभी संशय
घी के दाम में करीब पांच रुपये बढ़ गए हैं। अभी नए रेट नहीं आए हैं। घी को लेकर अभी संशय बना हुआ है। सोमवार को ही साफ हो पाएगा। फिलहाल दुकानदारों के पास स्टाक बचा हुआ है। सरकार की ओर से हिदायतों का इंतजार है।
गाड़ियों के दाम घटे
स्मार्ट होंडा के संचालक आशीष यादव ने बताया कि सीबी हंटजाइजर पर 1272 रुपये कम हुए। यूनिकार्न 160 पर 1087 रुपये घटे। सीबी साइन पर 971, ड्रीम युगा पर 439, एक्टिवा 125 पर 845 रुपये, एक्टिवा फोरजी पर 666 रुपये कम किए गए हैं। नए रेट लागू कर दिए गए हैं।
सिनेमा के रेट नहीं घटे
जीएसटी में टैक्स कम होने के बाद सिनेमा के टिकट रेट कम नहीं हुए। सिनेमा के दाम को लेकर फिलहाल कोई एलान नहीं किया गया। सिनेमा मालिक को नियम के अनुसार तीन से पांच रुपये तक कम करने होंगे। सिनेमा संचालक अभी गुणा-भाग में जुटे हैं।
नहीं आई खाद के नए रेट की लिस्ट
खाद को लेकर किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खाद लेने गए किसानों को खाद देने से इनकार कर दिया गया है। खाद पर 13 से लेकर 60 रुपये तक बढ़ने का अनुमान लगाया गया है। इस कारण स्टाक को रोक लिया गया है। हैफेड के महाप्रबंधक ने बताया कि सोमवार को नए रेट की लिस्ट आएगी।
बेहद कम रही गोल्ड ज्वेलरी की खरीद
सोने पर टैक्स लगाने के बाद शनिवार को गोल्ड ज्वेलरी की खरीद बेहद कम रही। फिलहाल लोग नए टैक्स की पूरी डिटेल आने का इंतजार कर रहे हैं। काफी एरिया में स्टाक को लेकर संशय बना हुआ है।
12815 में से 9821 कारोबारियों ने जीएसटी का पंजीकरण कराया
जिले में कुल 12815 कारोबारियों में से 9821 कारोबारियों ने जीएसटी नंबर ले लिया है। करीब 977 लोगों के आवेदन स्वीकार किए गए हैं। इन लोगों को जल्द ही जीएसटी नंबर दिया जाएगा।
जीएसटी को लेकर कुछ भ्रम फैलाने की कोशिश हो रही थी। अब यह लागू हो गया है। जल्द ही सभी को पूरी जानकारी मिल जाएगी। यह लोगों को राहत देने का काम करेगा।
-सुरेंद्र कुमार, डीईटीसी हिसार
वर्जन
जीएसटी को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। होलसेल में कोई माल नहीं सेल हुआ। रिटेल में थोड़ा-बहुत व्यापार हुआ है। यह पुराने रेटों के आधार पर ही किया जा रहा है। जीएसटी को लेकर कपड़ा व्यापारियों को बड़ी परेशानी है। व्यापारियों के सवाल है कि हमारा माल कई बार डिफेक्टिव आ जाता है तो कंपनियों को वापस भेजना पड़ता है ऐसी स्थिति में क्या होगा। -राजेश जैन, कार्यकारी प्रधान राजगुरु मार्केट एसोसिएशन