सिरसा। एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने सोमवार को माल गोदाम रोड से तीन युवकों को 20 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी गुरप्रीत सिंह गांव मढ़, फतेहाबाद, हरप्रीत सिंह और सतपाल निवासी रानियां के खिलाफ सिविल लाइन सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। बरामद चूरा पोस्त की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।
एएनसी की टीम एएसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान माल गोदाम रोड पर तीन युवक कंधों पर बैग लेकर आते दिखाई दिए। तलाशी में बैगों से कुल 20.5 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें चूरा पोस्त चित्तौड़गढ़ से उनके जानकार राम सिंह ने लाने के लिए कहा था। आरोपियों को मंगलवार सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा।